Thursday, September 3निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

देर रात हुड़दंग करने से रोका तो किया हमला

  • जंक्शन की हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी की घटना, मुकदमा दर्ज करने के लिए थाना में सौंपा परिवाद
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जंक्शन की हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी में देर रात हुड़दंग मचा रहे कुछ युवकों ने विरोध कर रहे मोहल्ले के लोगों पर हमला कर दिया। आरोप है कि घर में घुसकर मारपीट की गई और नकदी छीन ली। इस संबंध में गुरुवार को मुकदमा दर्ज करने के लिए गुरुवार को जंक्शन पुलिस थाना में परिवाद सौंपा गया। इस दौरान मौजूद विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं व वार्डवासियों ने पुलिस थाना पर रोष भी प्रकट किया। जानकारी के अनुसार सुरेश चन्द कुमार पुत्र श्री भगवन्त सिंह राजपूत निवासी राजस्थान हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी, जंक्शन ने बताया कि बुधवार रात्रि करीब 10.25 बजे वह अपने घर के बाहर चारपाई पर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बैठा था। तभी उसका पड़ोसी प्रमोद कुमार पुत्र बीरबल राम ब्राह्मण डरा व सहमा हुआ बदहवास हालत में दौड़ते हुए उसके घर में घुसा। प्रमोद के पीछे-पीछे बदमाश प्रवृत्ति का अब्बास खान, रज्जाक खान, रफाक खान निवासी खुंजा व 40-50 अन्य जने लाठी-डंडों व र्इंट-पत्थरों से लैस होकर उसके घर में घुसने लगे। जब उसने व परिवार के सदस्यों ने इन लोगों को घर में घुसने से रोका तो इन लोगों ने उसके साथ थाप-मुक्कों से मारपीट की व गालियां निकाली। धक्का देकर नीचे गिरा दिया। घर में घुसकर प्रमोद कुमार के साथ मारपीट करने लगे। तब उसने व उसके लड़के दीपक ने बीच-बचाव कर प्रमोद कुमार को छुड़वाने की कोशिश की तो अब्बास, रज्जाक, रफाक व अन्य ने उनके साथ भी मारपीट की व छीना झपटी करने लगे। इन लोगों ने उसकी जेब से डेढ़ सौ रुपए व प्रमोद कुमार की जेब में रखे 70 रुपए छीन लिए। शोर-शराबा सुनकर उसके पड़ोस में रहने वाले लोग वहां आ गए। इन्होंने बीच-बचाव कर उसे, उसके पुत्र दीपक व प्रमोद कुमार को छुड़वाया। इस पर उक्त हमलावर वहां से भाग गए। उनके पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह घटनाक्रम कैद हो गया। सुरेश चन्द कुमार ने हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। इस मौके पर आशीष पारीक, प्रमोद पाइवाल, सुनील चाहर, सौरभ शर्मा, सुमन पुरी आदि मौजूद थे।