बीकानेर
राजस्थान में सोमवार से सर्दी से राहत मिलना शुरू हो जाएगी। प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी होना शुरू हो जाएगी। पूर्वी राजस्थान में शनिवार को दिन-रात चल रही सर्द हवाओं से राहत नहीं मिल पाई है।
शनिवार सुबह कई जिलों का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे रहा। करौली में 2.2 डिग्री सेल्सियस, चित्तौड़गढ़ के कृषि विज्ञान केंद्र पर 1.7 डिग्री सेल्सियस रहा। हनुमानगढ़ के संगरिया में पारा 2.1 डिग्री सेल्सियस रहा। जैसलमेर में रात का पारा दस डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा है। वहीं, बाड़मेर में शुक्रवार दिन में तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है।
दरअसल, पश्चिमी राजस्थान में 21 से 23 जनवरी तक वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण तापमान में जबर्दस्त गिरावट आई थी, इसके बाद सर्दी से थोड़ी राहत मिलनी शुरू हो गई। बीकानेर, बाड़मेर, जैसलमेर, जालोर, सिरोही में दिन में गर्मी का अहसास होने लगा है, क्योंकि तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया है। बीकानेर में रात का पारा दस के आसपास पहुंच गया है।