सूरतगढ़. सूरतगढ़ में न्यायालय के सामने चौराहे पर दो बाइकों में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस घटना में कोर्ट का एक कर्मचारी घायल हो गया। जिसे निजी वाहन से ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। यहां से भी उसे हाथ पैर में गंभीर चोटें आने पर निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। बुधवार को हुई इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें दोनों बाइक चालक फ़िल्मी स्टाइल में उछलकर गिरते साफ देखे जा सकते हैं। हालांकि हादसे में टक्कर मारने वाला बाइक चालक भी तेज गति से गिरता दिखाई दिया,गनीमत रही कि वह सकुशल रहा।
पुलिस ने शुरू की जांच
दूसरी ओर इस घटना को लेकर बुधवार देर शाम को घायल कर्मचारी की ओर से सिटी थाना में मामला दर्ज करवाया गया है। पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 26 निवासी घायल ओमप्रकाश(46) पुत्र गिरधारी लाल जलंधरा ने अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ परिवाद देते हुए बताया है कि वह रानी लक्ष्मीबाई चौक से कोर्ट की ओर अपनी ड्यूटी पर जा रहा था कि इसी दौरान कोर्ट के गेट के सामने करीब 10 बजकर 28 मिनट पर पहुंचने पर बीएसएनएल कार्यालय की ओर से तेज गति से आ रहे बाइक सवार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह बाइक से उछलकर दूर सड़क पर गिर गया। जिससे उसके हाथ पैर और अन्य स्थानों पर चोट आई है। जिसके बाद शाम करीब साढ़े छ बजे पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।