नयी दिल्ली (वार्ता). भारतीय मुक्केबाज मोनिका ने दो बार की विश्व चैंपियनशिप की पदक विजेता फिलीपींस की जोसी गुबुको को सोमवार को महिला 48 किग्रा वर्ग में हराकर फुकेट में थाईलैंड ओपन अंतर्राष्ट्रीय मुक्केबाजी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
हरियाणा के रोहतक की 26 वर्षीय मोनिका ने अनुभवी गुबुको को 4-1 के अंतर से हराया। गुबुको ने 2012 और 2018 विश्व चैंपियनशिप में क्रमशः स्वर्ण और कांस्य पदक जीते थे।
मोनिका का सेमीफाइनल में वियतनाम की ट्रान डीएम कियु से मुकाबला होगा जिन्हे पिछले राउंड में बाई मिल गयी थी।
भारत के दो अन्य मुक्केबाज आशीष कुमार(81) और मनीषा ने भी थाई प्रतिद्वंद्वियों को हराकर अंतिम चार में जगह बना ली है। इस बीच रेनू (54) और मोनिका (63) का अभियान क्वार्टरफाइनल में हार के साथ समाप्त हो गया।