Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

दौसा. भीषण सड़क हादसे में महिला व बालिका की मौत, 20 घायल, छह जयपुर रैफर

दौसा. भांडारेज उप तहसील मुख्यालय के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग 21 के भांडारेज मोड़ के समीप भीषण सड़क हादसे में दो जनों की मौत हो गई, वहीं 20 अन्य घायल हो गए। घायलों में छह की हालत गंभीर होने के चलते जयपुर रैफर कर दिया गया।
सदर थाना पुलिस ने बताया कि गुरुवार देर रात राजमार्ग पर मेडिकल कॉलेज के पास से जुगाड़ डीजल लेने के बाद राजमार्ग पर चढ़ा। तभी पीछे से आ रहे टैंकर की टक्कर से जुगाड़ अनियंत्रित होकर पलट गया। इसके चलते उसमें सवार मृतक सहित 22 जने घायल हो गए। जिन्हें दोसा के जिला चिकित्सालय में लाया गया।
जहां पर विवाहिता कजोड़ी देवी व बालिका गुन्नू को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। साथ ही हादसे में गंभीर घायल राजंती, सपना मुकेश ,परी, गुड्डी व सुंदरी को जयपुर के सवाई मानसिंह चिकित्सालय में रैफर कर दिया। जबकि अन्य घायलों को तो सभी जिला चिकित्सालय में उपचार जारी है। परिजनों ने बताया कि जुगाड़ सवार सभी लोग झापडावास गांव के निवासी है। वे महेश्वरा गांव में कार्यक्रम में शामिल होकर आ रहे थे।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े लोग
देर रात अचानक हुए हादसे में जुगाड़ पलटने से उसमें सवार लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास लोग भी एकत्रित हो गए और सदर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ने लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने एक महिला व बालिका को मृत घोषित कर दिया। दूसरी और हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने देर रात को ही जिला अस्पताल पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान डिप्टी एसपी कालूराम मीणा, कोतवाली थाना इंचार्ज लालसिंह व सदर पुलिस थाने का जाप्ता भी मौजूद रहा। फिलहाल 11 घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।