संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले किसानों ने सौंपा ज्ञापन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। धान और मूंग फसल की सरकारी खरीद शुरू करने सहित किसानों से जुड़ी छह सूत्री मांगों के समाधान की मांग को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले किसानों ने सोमवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन जिलाध्यक्ष रेशम सिंह ने कहा कि जिले में धान और मूंग की फसल की कटाई शुरू हो चुकी है। इसलिए जल्द से जल्द सरकारी खरीद पर किसान का दाना दाना खरीदा जाए। जिले में जो कृषि कनेक्शन हैं उनमें कई स्थानों पर लम्बे समय से बिजली के मीटर खराब हैं। बार बार विभाग को अवगत करवाने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। एवरेज बिल के नाम पर किसानों के साथ ठगी की जा रही है। इससे किसान को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करवाया जाए। किसान को जो नरमा बिजाई के समय विभिन्न कम्पनियों की ओर से महंगे बीज दिए गए। बीज नकली होने की वजह से किसानों को बहुत बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस संबंध में जल्द उचित कार्यवाही कर पीड़ित किसानों को मुआवजा दिलवाया जाए। नकली पेस्टीसाइड स्पलाई होने की वजह से क्षेत्र में कई स्थानों पर नरमे की फसल बरबाद हो चुकी है। नकली पेस्टीसाइड बेचने वाले दोषियों पर कार्यवाही हो और जो किसान का नुकसान हुआ है उसकी भरपाई करवाई जाए। कृषि कार्य के लिए किसानों को बिजली की सप्लाई 5 से 5.30 घंटे हो रही है। इस वजह से इस बार पक्की हुई फसल भी नष्ट हो रही है। कम से कम कृषि कार्य के लिए 7 घंटे बिजली सप्लाई की जाए। सरसों और गेहूं की बिजाई का समय नजदीक आ गया है। इसलिए समय पर किसानों को खाद उपलब्ध करवाई जाने की अति आवश्यकता है। ज्ञापन में इन सभी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करने की मांग करते हुए चेतावनी दी गई कि अगर इन मांगों पर प्रशासन व सरकार की ओर से ध्यान नहीं दिया जाता है तो आने वाले दिनों में हनुमानगढ़ जिले के किसान व मजदूर संगठनों से तालमेल बैठाकर संयुक्त किसान मोर्चा हनुमानगढ़ के बैनर के नीचे एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस मौके पर भाखड़ा प्रोजेक्ट चेयरमैन मनप्रीत सिंह, रघुवीर सिंह वर्मा, कुलदीप सिंह, रायसिंह चाहर, सहित कई किसान प्रतिनिधि व किसान मौजूद थे।