नई दिल्ली
भारत ने पहले टी20 मैच में वेस्टइंडीज को भले ही 6 विकेट से हरा दिया हो, लेकिन मैच में एक समय ऐसा आया था जब विंडीज की टीम हावी हो रही थी। रोहित और ईशान ने पहले विकेट के लिए 7.3 ओवर में ही 64 रन की धमाकेदार ओपनिंग साझेदारी की। लेकिन उसके बाद भारतीय बल्लेबाज ज्यादा देर तक टिक नहीं सके और जल्द ही भारत के 50 रन के अंदर चार विकेट गिर गए। जिससे टीम दबाव में पहुंच गई थी, लेकिन सूर्यकुमार यादव ने वेंकटेश अय्यर के साथ पांचवें विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी करके टीम को जीत दिलाई।
सूर्यकुमार यादव को फिनिशर टैग पसंद है। वह मैच में नाबाद रहना चाहते हैं और गेम खत्म करना चाहते हैं। स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने वेस्टइंडीज के खिलाफ सफेद गेंद की सीरीज में दूसरी बार बतौर फिनिशर अपनी भूमिका निभाई और वह धीरे-धीरे नए लोगों के साथ साझेदारी करना सीख रहा है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ अहमदाबाद में पहले वनडे मैच में दीपक हुड्डा के साथ मिलकर सूर्यकुमार ने मैच को खत्म किया था और अब उन्होंने बुधवार को ईडन गार्डन में पहले टी20 मैच में वेंकटेश अय्यर के साथ मिलकर वही काम किया। दोनों बल्लेबाज नाबाद रहे। सूर्यकुमार ने 18 में 34 रन बनाए, जबकि वेंकटेश ने 13 गेंदों में 24 रन बनाए।