नई दिल्ली
सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को ICICI बैंक के स्टॉक में एक बार फिर तेजी आई। कारोबार के दौरान स्टॉक का भाव 911.75 रुपये के लाइफ टाइम हाई पर पहुंच गया। यह पहली बार है जब बैंक के स्टॉक ने 900 रुपये के स्तर को पार किया है। वहीं, लगातार दूसरा दिन है जब स्टॉक ने न्यू हाई लेवल को टच किया है। मार्केट कैपिटल की बात करें तो 6 लाख करोड़ रुपये के स्तर को पार कर लिया है।
जानकारी के लिए आपको बता दें कि हाल ही में बैंक ने एक या एक से अधिक किश्तों में इन्फ्रा बॉन्ड के माध्यम से 10,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना की रिपोर्ट पर स्पष्टीकरण दिया है। बीते दिनों बैंक से स्टॉक एक्सचेंज ने मीडिया रिपोर्ट पर स्पष्टीकरण मांगा था। इस स्पष्टीकरण के बाद बैंक के स्टॉक में रॉकेट की तरह तेजी आई है।
कैसे थे तिमाही नतीजे: ICICI बैंक ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में शुद्ध लाभ में 50% की उछाल के साथ ₹6,905 करोड़ की वृद्धि दर्ज की। बैंक ने पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 4,616 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।