Friday, April 17निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कार्यवाही की मांग

  • भाजपा पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं ने एसपी को सौंपा मांगपत्र
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)
    । गोलूवाला क्षेत्र में हो रहे नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कार्यवाही करने की मांग के संबंध में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष कैलाश मेघवाल व भाजपा जिला मंत्री हंसराज भुंवाल के नेतृत्व में एसपी से मिले भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि गोलूवाला थाना क्षेत्र में नशे का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। कई परिवारों के नौजवान अब तक नशे के कारण अपनी जान गंवा चुके हैं और कई परिवार उजड़ चुके हैं। बावजूद इसके गोलूवाला थाना पुलिस की ओर से नशे के अवैध कारोबारियों पर कोई ठोस कार्यवाही नहीं की जा रही। ताजा मामले में दो दिन पूर्व ही एक नाबालिक लड़के की चिट्टे (हेरोइन) के अत्यधिक सेवन से मौत हो गई। इस वजह से स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है। भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने एसपी को सौंपे ज्ञापन में गोलूवाला क्षेत्र में चिट्टे, अफीम, नशीली टेबलेट के कारोबार पर तुरंत रोक लगाने के लिए ठोस व प्रभावी कार्यवाही करने की मांग की। इस मौके पर भाजपा देहात मण्डल गोलूवाला अध्यक्ष शिशपाल निवाद, देहात मण्डल महामंत्री राजेन्द्र कुमार, सुशील जोशी, कमलेश भादू, श्योपतराम आदि मौजूद थे।