Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

नामांकन में कमजोर रहे तो जिम्मेदारों पर गिरेगी गाज, बढ़ाने पर मिलेगा पुरस्कार

झालावाड़.सरकारी स्कूलों में नामांकन वृद्धि के साथ प्रवासी श्रमिक अथवा बाल मजदूरी से मुक्त कराए बच्चों को शिक्षा से जोडऩे के लिए 26 जून से प्रवेशोत्सव शुरू किया जाएगा। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा निदेशक कानाराम ने संशोधित आदेश जारी कर दिए है।
इसके तहत हाउस होल्ड सर्वे कर शिक्षा से वंचित तीन से अठारह साल तक के बच्चों को चिन्हित करते हुए स्कूल से जोड़कर शाला दर्पण में दर्ज कराया जाएगा। प्रवेशोत्सव के दौरान शिक्षा विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जनता को अवगत कराया जाएगा। अगस्त में दोबारा सर्वे कर वंचित बच्चों को स्कूल से जोड़कर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया जाएगा, ताकि अधिकाधिक पंचायतों को उजियारी पंचायत घोषित किया जा सके।
नामांकन में लिया जाएगा सहयोग-
प्रवेशोत्सव के लिए हाल ही में जारी गाइडलाइन के अनुसार विद्यालय में पहली बार प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का स्वागत किया जाएगा। विद्यालय के मुख्यद्वार पर सजावट की जाएगी। अनामांकित व ड्रॉप आउट बालिकाओं को विद्यालय में प्रवेश दिलाने के लिए स्थानीय महिला कार्यकर्ता, महिला जनप्रतिनिधि ही नहीं क्षेत्र की अन्य महिलाओं के साथ संपर्क कर नामांकन कराया जाएगा।
अच्छा काम करने वालों का होगा मान-सम्मान-
नामांकन के लिए उत्कृष्ट कार्य करने पर संस्था प्रधान, शिक्षकों का मान-सम्मान किया जाएगा। प्रत्येक पंचायत समिति, नगरपालिका में उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन संस्था प्रधाना कासम्मान किया जाएगा। इनके साथ अभिभावकों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। यही नहीं हर ब्लॉक में नामांकन में सर्वाधिक वृद्धि वाले दो उच्च माध्यमिक, एक माध्यमिक, एक उच्च प्राथमिक तो एक प्राथमिक विद्यालय को अतिरिक्त अनुदान मिलेगा।
ऐसा रहेगा प्रवेशोत्सव का शेड्यूल
पहला चरण

  • हाउस होल्ड सर्वे-26 जून से 1 जुलाई
  • नामांकन पोर्टल में दर्ज- तीन से 17 जुलाई तक किया जाएगा
    दूसरा चरण-
    -शेष बच्चों के लिए फिर से हाउस होल्ड सर्वे -18 से 24 जुलाई
  • नामांकन पोर्टल में दर्ज- 25 जुलाई से16 अगस्त तक
    ऐसे किया जाएगा सर्वे-
    प्रवेशोत्सव के दौरान गांव-ढ़ाणी में दो-दो बार प्रभात निकाली जाएगी। अनामांकित व ड्रॉप आउट बच्चों के लिए सर्वे बस स्टैंड, स्टेशन, मंदिर, कच्ची बस्ती, निमाणार्धीन भवन आदि में भी होगा। दीवार पर श्लोगन, पंपलेट, बैनर आदि के जरिए स्कूल से जोडऩे की मुहिम चलाई जाएगी। स्कूली शिक्षक विद्यालय परिक्षेत्र में घर-घर जाकर सर्वे कर बच्चों को विद्यालय से जोड़ेंगे।
    अब 26 से खुलेंगे-
    माध्यमिक शिक्षा निदेशालय से प्रवेशोत्सव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। पहले 24 से शुरू होना था, अब उसकी जगह 26 जून से स्कूल खुलेंगे। – हेमराज पारेता, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी, झालावाड़।