हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। आजादी के अमृत महोत्सव के कार्यक्रमों की श्रृंखला में राजस्थान युवा पखवाड़ा (10 से 20 फरवरी) के अन्तर्गत ‘गांधी अतीत ही नहीं भविष्य भी है’ विषय पर गुरुवार को टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सीनियर वर्ग की जिला स्तरीय निबंध प्रतियोगिता आयोजित करवाई गई। प्रतियोगिता का आयोजन नोडल अधिकारी अनमोल कुमार शर्मा की ओर से करवाया गया। निबन्ध प्रतियोगिता में जिले के सभी महाविद्यालयों से 60 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान रेयान कॉलेज की बीएससी अंतिम वर्ष की छात्रा नुसरत, द्वितीय स्थान राजकीय एनएमपीजी कॉलेज की बीकॉम प्रथम वर्ष की छात्रा रितिका सैनी एवं तृतीय स्थान राजकीय एनएमपीजी कॉलेज के बीएससी द्वितीय वर्ष के छात्र रितिका छाबड़ा ने हासिल किया। नोडल अधिकारी अनमोल कुमार शर्मा ने बताया कि इसके अलावा गांधीवादी सुब्बाराव की जयंती के उपलक्ष्य में युवा पखवाड़ा के अन्तर्गत 13 फरवरी को चित्रकला प्रतियोगिता, 16 फरवरी को भाषण प्रतियोगिता व 19 फरवरी को गीत प्रतियोगिता का आयोजन महाविद्यालय में करवाया जाएगा। गुरुवार को हुई निबंध प्रतियोगिता के निर्णायक मण्डल में सहायक आचार्य सिद्धार्थ राव, डॉ. विनैश जैन, भागवन्ती, डॉ. महेन्द्र एवं हेमलता शामिल रहे।