Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पवन व्यास के हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग

हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। नोहर के बहुचर्चित पवन व्यास हत्याकांड में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर विप्र फाउंडेशन युवा प्रकोष्ठ की ओर से गुरुवार को जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान मृतक पवन व्यास के पिता रामस्वरूप व्यास भी उनके साथ रहे। प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष अश्विनी पारीक के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि 17 अक्टूबर 2017 को नोहर तहसील के गांव जसाना निवासी पवन व्यास की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड की जांच नोहर पुलिस थाना व स्पेशल टीम की ओर से की जा चुकी है परन्तु हत्यारों का पता नहीं चल पाया। न ही इस मामले में किसी की गिरफ्तारी हुई है। इसके बाद उच्च न्यायालय में पिटीशन पेश की गई। इसमें उच्च न्यायालय की ओर से कहा गया कि अनुसंधान अधिकारी, परिवादी के बताए अनुसार तथ्य पर जांच करे परन्तु अभी तक किसी भी अनुसंधान अधिकारी ने इस सम्बन्ध में उनसे मुलाकात नहीं की। अश्विनी पारीक ने मांग की कि अनुसंधान अधिकारी उनकी ओर से प्रस्तुत तथ्यों पर जांच कर पवन व्यास के हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करे। इस मौके पर विधिक सलाहकार कुलदीप शर्मा भी मौजूद थे।