Friday, July 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पश्चिम बंगाल में छूट के साथ पाबंदियां:कोरोना की वजह से ममता सरकार ने 1 जुलाई तक सख्ती बढ़ाई, ऑफिसों में 25% से ज्यादा स्टाफ नहीं आएगा

नई दिल्ली

पश्चिम बंगाल सरकार ने कोरोना से जुड़ी पाबंदियों को 1 जुलाई तक बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 1 जुलाई तक रात 9 बजे से सुबह 5 बजे के बीच लोगों की आवाजाही पर रोक रहेगी। हालांकि, जरूरी सेवाओं को छूट दी गई है। सभी सरकारी ऑफिसों में 25% स्टाफ ही बुलाया जाएगा। प्राइवेट और कॉर्पोरेट ऑफिस सुबह 10 से शाम 4 बजे तक खुले रहेंगे। इनमें भी भी 25% से ज्यादा स्टाफ नहीं बुलाया जा सकेगा। प्राइवेट कंपनियां अपने स्टाफ के लिए ई-पास के जरिए ट्रांसपोर्ट सर्विस का इंतजाम कर सकती हैं।

इसके अलावा शॉपिंग मॉल और कॉम्प्लेक्स में दुकानें सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक खोली जा सकेंगी। इनमें 50% कर्मचारी ही मौजूद रहेंगे। खेलों का आयोजन बिना दर्शकों के कराया जा सकेगा। सभी एजुकेशनल इंस्टीट्यूट बंद रहेंगे। निजी वाहनों की आवाजाही इमरजेंसी को छोड़कर बंद रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बार वाले रेस्टोरेंट दोपहर 12 से रात 8 बजे के बीच खुल सकते हैं। इनमें क्षमता से आधे लोग ही मौजूद रहे सकेंगे।

राज्य में 16 मार्च से लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य में पहली बार 16 मार्च को पाबंदियां लागू की गई थीं। तब एक दिन में 19 हजार से ज्यादा केस मिले थे। इसके बाद से लगातार केस कम हो रहे हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पश्चिम बंगाल में रविवार को 3,984 नए केस दर्ज किए गए।

देश में 68,362 नए मरीज मिले और 1.13 लाख ठीक हुए
रविवार को देश में 68,362 नए संक्रमितों की पहचान हुई। 1 लाख 13 हजार 3 मरीज ठीक हो गए, जबकि 3,880 लोगों की मौत हो गई। बीते 24 घंटे में एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 48,593 की कमी आई। अब सिर्फ 9 लाख 72 हजार 577 मरीजों का इलाज चल रहा है। यह पिछले साल 17 सितंबर को आए पहले पीक से भी कम हैं। तब 10 लाख 17 हजार 705 एक्टिव केस थे। इसके बाद इनमें कमी होती गई।

इस साल 17 फरवरी को एक्टिव केस 1 लाख 33 हजार 79 तक पहुंच गए। यहां से यह आंकड़ा दूसरे पीक की ओर बढ़ना शुरू हुआ। यह 9 मई को सबसे ज्यादा 37 लाख 41 हजार 302 तक पहुंचा, फिर इसमें गिरावट आने लगी।

ASI के तहत आने वाले सभी स्मारक 16 जून से खुलेंगे
कोरोना के घटते केसों के बीच देश अब अनलॉक की तरफ बढ़ रहा है। केंद्र सरकार की देखरेख वाले सभी स्मारक और म्यूजियम 16 जून से खोल दिए जाएंगे। आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया की तरफ से ये जानकारी दी गई है।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

  • बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 68,362
  • बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 1.13 लाख
  • बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 3,380
  • अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.95 करोड़
  • अब तक ठीक हुए: 2.81 करोड़
  • अब तक कुल मौतें: 3.74 लाख
  • अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 9.72 लाख

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *