Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पहले बनाई खराब सड़क, अब पैचवर्क भी घटिया

सीमा सन्देश न्यूज. श्रीगंगानगर
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक चांडक ने उधम सिंह चौक से जस्सा सिंह मार्ग तक पदमपुर रोड पर सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा करवाए जा रहे गुणवत्ता हीन पैच वर्क का मुद्दा जिला कलेक्टर के समक्ष उठाते हुए इसकी जांच करवाए जाने की मांग की है। चांडक ने पदमपुर रोड पर पीडब्ल्यूडी द्वारा करवाए जा रहे पैच वर्क कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कलक्टर को बताया कि पीडब्ल्यूडी द्वारा अभी दो-तीन माह पूर्व ही करोड़ों रुपए की लागत से सड़क का निर्माण किया गया था। बरसात के मौसम मे बरसात की वजह से कार्य गुणवत्ता पूर्ण नहीं होने पर सड़क बीच-बीच में से उखड़ गई। सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा अब उस पर पैच वर्क का कार्य किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र का दौरा करने जाते वक्त देखने पर पाया कि ठेकेदार द्वारा पैच वर्क का कार्य गुणवत्ता पूर्ण नहीं करवाया जा रहा था। इस पर चांडक ने घटिया निर्माण की सूचना अधिशासी अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग को दी तो उन्होंने बताया कि ठेकेदार द्वारा अगर कार्य ठीक नहीं किया गया है तो पुण: पैच वर्क करवा दिए जाएंगे। इस पर चांडक ने अधिशाषी अभियंता के इस रवैया पर नाराजगी जाहिर करते हुए जिला कलेक्टर रुक्मणी रियार को सूचित किया। जिस पर कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि अगर कार्य गुणवत्ता पूर्ण नहीं किया जा रहा तो जांच करवा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।