Sunday, May 3निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पानीपत का लाल शहीद, इससे पहले पिता व भाई ने भी दी थी शहादत, बेटी नौसेना में कर रही देशसेवा

पानीपत (हरियाणा)

भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस रणवीर में मंगलवार को हुए विस्फोट में नौसैनिक कृष्ण (47) शहीद हो गए। उनके पार्थिव शरीर के गुरुवार को मुंबई से पानीपत स्थित उनके गांव सुताना लाए जाने की संभावना है। उनके शहीद होने की खबर से गांव में मातम पसर गया है। मंगलवार को मुंबई के नेवल डॉकयार्ड में आईएनएस रणवीर में विस्फोट से नौसेना के तीन सैनिक शहीद हो गए जबकि 11 नौसैनिक घायल हो गए। 

तहसील मतलौडा के अंतर्गत गांव सुताना के ग्रामीणों ने बताया कि कृष्ण के भाई विष्णु भी सेना में थे और आठ वर्ष पहले देश की रक्षा में अपने प्राण न्यौछावर कर दिए थे। इतना ही नहीं उनके पिता गोपीचंद ने भी सेना में रहते हुए अपनी जान दे दी। परिवार के तीन सदस्य देश सेवा में शहीद हो गए।

गांव वासियों ने बताया कि कृष्ण की बेटी भी पिता की तरह ही नौसेना में हैं। उनके दो बेटे भी हैं। उनके बड़े भाई विष्णु का बेटा आर्मी में लेफ्टिनेंट और बेटी मर्चेंट नेवी में कार्यरत है। हाल में कृष्ण का पूरा परिवार मुंबई में ही रह रहा था। पानीपत में भाई सुभाष रहते हैं। गांव वासियों ने बताया कि सुभाष गांव भादड़ स्थित स्कूल में शिक्षक हैं।