सूरतगढ़. सूरतगढ़ नगरपालिका की ओर से बुधवार को पट्टे वितरण का विशेष मेगा शिविर कार्यक्रम पालिका कार्यालय के सामने ही आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर सौरभ स्वामी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, वहीं विधायक रामप्रताप कासनिया, पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश कालवा, पूर्व विधायक गंगाजल मील, एडीएम अरविन्द जाखड़, एसडीएम संदीप कुमार, तहसीलदार रामकुमार, डीएसपी किशनसिंह बिजारणिया और पीसीसी सदस्य हनुमान मील आदि भी मौजूद रहे। जिन्होंने 501 के लक्ष्य से बढ़कर 512 पट्टों का वितरण किया।
मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर सौरभ स्वामी ने कहा कि पात्र लोग राज्य सरकार की लाभकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। इसके लिए सरकार ने विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाएं जैसे स्वास्थ्य बीमा योजना, चिरंजीवी योजना, दुर्घटना बीमा योजना शुरू कर रखी है। उन्होंने नगरपालिका द्वारा शिविर में 512 पट्टों के वितरण को सराहनीय कार्य बताते हुए इसके लिए अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी, पार्षद तथा पालिका कर्मचारियों को बधाई दी।