बीकानेर
श्रीडूंगरगढ़ के पूनरासर गांव में तीन सितम्बर को भरने वाले मेले की तैयारियों के लिए प्रशासन जुट गया है। मेले के कारण एक से तीन सितम्बर तक पूनरासर गांव और बीकानेर से पूनरासर गांव तक के रास्ते में भारी भीड़ रहेगी। ऐसे में जिला प्रशासन ने तैयारियों की समीक्षा करनी शुरू कर दी है। परिवहन विभाग ने सेरुणा से बीकानेर तक भारी वाहनों का रास्ता बदलने की तैयारी शुरू कर दी है।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) पंकज शर्मा ने तीन दिवसीय पूनरासर हनुमान जी मेले के दौरान विभिन्न व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। शर्मा ने बताया कि पूनरासर का हनुमान मेला 1 से 3 सितंबर (तीन दिन) तक भरेगा। मेले के दौरान सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पुलिस एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, नगर निगम, नगर विकास न्यास, उपखंड अधिकारी, बीकेईएसएल, जोविविनिलि, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, पर्यटन, पशुपालन, सार्वजनिक निर्माण विभाग, प्रबंधक भारत संचार निगम लिमिटेड को आपसी समन्वय के साथ संबंधित सभी व्यवस्थाएं नियमानुसार करवाने के लिए निर्देशित किया है। मंदिर श्री पूनरासर हनुमान जी ट्रस्ट की ओर से महावीर बोथरा और विजय बाफना द्वारा इस संबंध में अतिरिक्त कलेक्टर (नगर) को इन व्यवस्थाओं के संबंध में आग्रह किया था।
मेले के लिए बीकानेर से जत्थे एक सितम्बर से रवाना होने शुरू हो जाएंगे। वहीं कुछ जत्थे इससे पहले भी निकलेंगे। नौरंगदेसर तक नेशनल हाइवे पर पैदल जाने के बाद कच्चे रास्ते से लोग पूनरासर तक पहुंचेंगे।