फरीदकोट। पंजाब के किसानों ने मांगों को लेकर बुधवार को गांव टहिना के नजदीक नेशनल हाईवे जाम कर दिया। इसके कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि किसान यूनियनों ने मांगों को लेकर आज राज्य भर में 6 जगहों पर जाम लगाया है। किसानों ने कहा कि मांगें न माने जाने की सूरत में धरन प्रदर्शन जारी रखा जा सकता है। जाम के कारण लोगों और वाहन चालकों को पूरा दिन परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान पुलिस ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए थे।
बुधवार को राजपुरा पटियाला रोड़ पर धरेड़ी जट्टां, फरीदकोट टहिणा टी-प्वाइंट, अमृतसर में भंडारी पुल, तीन कोनीयां पुल मानसा रोड, मुकेरियां नजदीक और तलवंडी साबो सड़क आदि जगहों पर चक्का जाम किया गया। इन जगहों पर भी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। किसान नेताओं में सरकार के प्रति रोष है।
गौरतलब है कि पंजाब के मालवा में कपास की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। इसके मुआवजे की आज तक मांग पूरी नहीं हो सकी है। किसान नेताओं का कहना है कि सत्ता में आने से पहले आम आदमी पार्टी ने किसानों से कई वायदे किए थे, जिन्हें अभी तक पूरा नहीं किया गया है।