ग्राम पंचायत बशीर के ग्रामीणों ने जिला कलक्टर को सौंपा ज्ञापन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। टिब्बी तहसील की ग्राम पंचायत बशीर में जलदाय विभाग की ओर से लगाए गए आरओ सिस्टम को चालू करवाने की मांग को लेकर श्री कृष्ण गोशाला सेवा समिति के बैनर तले ग्रामीणों ने बुधवार को जिला कलक्टर के नाम अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रतिभा देवठिया को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधि मंडल में शामिल गोशाला समिति अध्यक्ष सहदेव खद्दा ने बताया कि ग्राम पंचायत बशीर में वाटर वर्क्स बना हुआ है। इसमें जलदाय विभाग की ओर से बड़ी राशि खर्च कर पानी साफ करने के लिये आरओ सिस्टम लगाया गया था। लेकिन वर्तमान में आरओ सिस्टम बन्द पड़ा होने के कारण गांव में पीने के लिए साफ किए गए बगैर ही गन्दा पानी सप्लाई किया जा रहा है। इस पानी को पीने से काफी लोग बीमार हो रहे हैं। इस सम्बंध में कई बार जलदाय विभाग के अधिकारियों को सूचित किया जा चुका है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। ज्ञापन में जलदाय विभाग के अधिकारियों को आदेशित कर जल्द आरओ सिस्टम चालू करवाए जाने की मांग की गई है ताकि ग्रामीणों को शुद्ध व साफ पेयजल उपलब्ध हो सके। प्रतिनिधि मंडल मे राजपाल ज्याणी, इन्द्राज मेघवाल, रमेश, भूपेंद्र, राजपाल खद्दा, दलवीर आदि शामिल थे।