सादुलशहर। नगरपालिका की बजट बैठक चेयरमैन कांता खीचड़ की अध्यक्षता में हुई। इसमें 40 करोड़ 30 लाख 33 हजार रुपए का वार्षिक बजट बहुमत से पारित हुआ। बैठक का संचालन कार्यवाहक ईओ मुकेश कुमार व लेखाकर सुमित्रा ने किया।
अध्यक्ष कांता खीचड़ ने वार्षिक बजट बैठक में रखा। इसे भाजपा बोर्ड के 15 पार्षदों, पालिका उपाध्यक्ष अमरनाथ अग्रवाल, पार्षद रामअवतार यादव, निर्मला खीचड़, रानी यादव, रमनप्रीत कौर, साहबराम कामड़, गुरप्रीत बाजीगर, पवन मेघवाल, सोनिया देवी, हेमलता शर्मा, गुरचरण सिंह बावरी, रिंकू बाजीगर, महेश्वरीदेवी सहारण, मीनाक्षी अग्रवाल ने बहुमत से पारित कर दिया। विपक्ष के 10 पार्षद सुखदीप कौर लालगढ़िया, संजीव खीचड़, श्यामसुन्दर जोशी, मनीष शर्मा, अमर सिंह गढ़ाई, वीरपाल कौर, मनप्रीत कौर, संतोष देवी, अंगूरी देवी, छिन्द्रपाल चावला ने बजट का बहिष्कार किया व बैठक से बाहर चले गए। विपक्ष के पार्षदों ने आरोप लगाया कि बजट बनाने से पूर्व उनकी व सादुलशहर विधायक जगदीशचन्द्र जांगिड़ की राय नहीं ली गई। बजट में कहीं भी वार्डों में होने वाले प्रस्तावित विकास कार्यों का विवरण नहीं दिया गया है।
अध्यक्ष कांता खीचड़ ने बताया कि प्रस्तावित बजट में सीसी सड़कों पर 2.50 करोड़ रुपए, पुल व पुलिया निर्माण पर 50 लाख रुपए, दो रेलवे अण्डरब्रिज की छत्त निर्माण कार्य पर 50 लाख रुपए, डामर सड़क पर 20 लाख रुपए, 2 लाख रुपए डिवाइडर पर, 1 लाख रुपए गंदे पानी की निकासी पर, 10 लाख रुपए सार्वजनिक प्रकाश पर, 2 लाख रुपए जनगणना के कार्य आदि पर खर्च किए जाएंगे।
