जयपुर
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने तेल के दाम बढ़ने को लेकर केंद्र को निशाने पर लिया है। गहलोत ने कहाकि यह लोग केवल वोट पाने के लिए हिंदुत्व और राष्ट्रवाद की बात करते हैं।
चुनाव के पहले तो नहीं बढ़े
अशोक गहलोत ने कहाकि हमने लोगों को पहले ही चेतावनी दी थी। हमने कहा था कि चुनाव के बाद भाजपा तेल के दाम बढ़ाएगी। चुनाव के पहले 125 दिनों तक तेल के दाम में किसी भी तरह का बदलाव नहीं हुआ। गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों में तेल के दाम में काफी ज्यादा इजाफा हुआ है। तकरीबन हर रोज तेल कंपनियां तेल के दाम बढ़ा रही हैं।
महंगाई बेरोजगारी चरम पर
राजस्थान के मुख्यमंत्री ने कहाकि देश में महंगाई बहुत तेजी से बढ़ रही है। इसके साथ ही साथ बेरोजगारी भी काफी ज्यादा है। लेकिन केंद्र सरकार को इस बारे में कोई चिंता नहीं है। गहलोत ने कहाकि यह लोग केवल वोट बटोरने के लिए हिंदुत्व और राष्ट्रवाद की बात करते हैं। बता दें कि अशोक गहलोत विभिन्न मु्द्दों पर लगातार केंद्र सरकार के खिलाफ मुखर रहते हैं। साथ ही समय-समय पर केंद्र की नीतियों की आलोचना भी करते रहते हैं।