श्रीगंगानगर। तबीयत खराब होने पर बस से उतरते समय गिर जाने से गंभीर घायल अवस्था में स्थानीय जिला अस्पताल में दम तोड़ जाने वाले एक वृद्ध की आज शिनाख्त हो गई। सदर थाना में एएसआई हरपालसिंह ने बताया कि मृतक रेशमसिंह (68) निकटवर्ती 11-जैड का निवासी है। उसके पुत्र हरविंदर सिंह द्वारा दी गई रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गई।आज पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया गया।उन्होंने बताया कि रेशमसिंह श्रीकरनपुर के वार्ड नंबर 23 में अपने दूसरे बेटे जगविंदरसिंह के पास रहता था। वहां से 12 मार्च की सुबह बिना बताए रेशम सिंह अबोहर (पंजाब) में अपने किसी रिश्तेदार के यहां चला गया। अबोहर में फाजिल्का रोड चुंगी नाका के पास अचानक तबीयत खराब हो गई। वह उल्टियां करने लगा चालक ने बस रोक दी।रेशयसिंह बस से उतरने लगा तो लड़खड़ा कर गिर गया, जिससे उसके चेहरे और सिर पर चोटें लगी। उसे तत्काल अबोहर सिविल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। एक निजी एंबुलेंस से रेशम सिंह को श्रीगंगानगर जिला अस्पताल में लाया गया। कुछ ही देर में उसकी मृत्यु हो गई। मृतक की जेब में बस टिकट के अलावा कुछ भी नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। इस बीच जगविंदरसिंह ने पिता का कुछ पता नहीं चलने पर कल रविवार को श्रीकरणपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी। इधर, जिला अस्पताल के मुर्दाघर में सुरक्षित रखे हुए शव की सदर थाना पुलिस शिनाख्त का प्रयास करती रही। मृतक की तस्वीरें सोशल मीडिया में जारी की गई।उधर,रेशमसिंह की तस्वीरें परिवार वालों ने भी उसका पता लगाने के लिए सोशल मीडिया में जारी कीं। इसी बीच उन्हें पता चला कि एक बुजुर्ग व्यक्ति अब बहुत से घायल अवस्था में जिला अस्पताल में लाए जाने पर दम तोड़ गया है। परिवारजन हॉस्पिटल पहुंचे तो शव रेशमसिंह का ही था। एएसआई ने बताया कि पुत्र हरविंदरसिंह द्वारा दी गई रिपोर्ट पर आज मर्ग दर्ज की गई। तत्पश्चात पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पता चलेगा कि रेशम सिंह की मृत्यु बस से गिरने से लगी चोट के कारण हुई है या हार्ट अटैक से।मृतक शुगर से ग्रसित था।