Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बीकानेर में आग उगल रही है गर्मी

बीकानेर

बीकानेर में तापमान एक बार फिर बढ़ गया है। दिन का तापमान अब 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है जबकि रात के तापमान में आंशिक कमी आई है। गर्मी के बढ़ते तेवर आने वाले दिनों के और गर्म होने की ओर इशारा कर रहे हैं। मौसम विभाग की मानें तो दस अप्रैल तक बीकानेर में लू का हाल रहेगा, पारा 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक ही हो सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक बीकानेर में आने वाले कुछ दिनों तक गर्मी से कोई राहत नहीं मिलने वाली है, खासकर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं जाएगा, अलबत्ता ये 43 डिग्री सेल्सियस तक भी पहुंच सकता है। बीकानेर में पिछले चौबीस घंटे में तापमान 42 अधिकतम रहा है तो 22 डिग्री सेल्सियस से अधिक रात को रहता है। दोनों ही स्थिति में गर्मी का असर जबर्दस्त है। बीकानेर के मुख्य मार्गों पर इसी कारण दोपहर में सूनसान दृश्य नजर आता है। केईएम रोड पर पहले से यातायात इन दिनों कम है, ऐसे में गर्मी ने इस एरिया के व्यापारियों की कमर तोड़ दी है।

बीकानेर के अलावा संभाग के अन्य जिलों में भी गर्मी से हालात बदतर है। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 42.5 डिग्रीे सेल्सियस तक पहुंच गया है तो 21.2 डिग्री सेल्सियस तक है। चूरू में भी तापमान बढ़ रहा है। यहां अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस हो गया, हालांकि न्यूनतम तापमान बीस से नीचे आ गया है। हनुमानगढ़ में भी रात का पारा बीस से नीचे है लेकिन दिन में यहां भी गर्मी से कोई राहत नहीं है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से अधिक है।