Sunday, May 3निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बीकानेर में वीकेंड कर्फ्यू में बेपरवाह घूमते नजर आए लोग; पुलिस ने भी नहीं दिखाई ज्यादा सख्ती; चालान की औपचारिकता

बीकानेर

बीकानेर में कोरोना रोगियों की संख्या भले ही दिन ब दिन बढ़ती जा रही है लेकिन आम बीकानेरी में इसका भय नजर नहीं आ रहा है। यही कारण है कि रविवार को वीकेंड कर्फ्यू के बावजूद सड़कों पर भारी भीड़ नजर आई। यहां तक कि मुख्य मार्गों पर पुलिस की मौजूदगी में लोग बेपरवाह होकर इधर से उधर घूमते नजर आए।

रविवार सुबह कोटगेट पर कुछ देर के लिए पुलिस ने सख्ती दिखाई और लोगों को वापस घरों की रवाना किया। इसके बाद स्थिति सामान्य हो गई। पुलिस तैनात थी लेकिन आने-जाने वालों को रोक टोक नहीं थी। कोटगेट पर ऑटो चालक हमेशा की तरह सवारियों का इंतजार कर रहे थे तो उन्हें सवारियां मिल भी रही थी। यहां ढोल व ताशे के सहारे दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करने वाले युवक भी आराम से ग्राहकों का इंतजार कर रहे थे। रेलवे क्रासिंग बंद होने पर हमेशा की तरह लंबी कतार नजर आई।

इसी तरह म्यूजियम चौराहे पर भी लोगों की आवाजाही बनी रही। उरमूल सर्किल पर भी लोगों की भीड़ नजर आ रही थी। यहां टीआई प्रदीप चारण स्वयं लोगों को रोक कर मास्क पहनने और बाहर नहीं निकलने के लिए चेतावनी देते नजर आए। यहां भी कई राहगीरों के चालान काटे गए। दरअसल, पहला वीकेंड कर्फ्यू होने के कारण पुलिस प्रशासन ने ज्यादा सख्ती नहीं बरती। पूरे एरिया में दुकानें नहीं खुलने दी गई। जिससे भीड़ स्वत: ही कम हो गई।