Thursday, May 14निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बीस दिन से पेड़ पर लटकी हुई थी युवक की लाश, खेत से चारा लाने गई पत्नी लाश देख सदमे में

भीलवाड़ा

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में 20 दिन पहले घर से लापता युवक का शव गुरुवार को उसी के खेत पर नीम के पेड़ से लटका हुआ मिला। सहायक उप निरीक्षक कमलेश कुमार ने बताया कि जोरावरपुरा निवासी शिवलाल शर्मा (32) बीस दिन पहले अपने घर से निकला था। उसने अपना मोबाइल, पर्स आदि सभी आवश्यक दस्तावेज घर में रख दिए थे। इसके बाद वह लौटकर नहीं आया। परिजनों ने उसकी तलाश इसलिए नहीं की क्योंकि इससे पहले भी वो कई बार घर छोड़ कर जा चुका था। परिजनों ने सोचा कि शिवलाल कहीं बाहर गया होगा।

20 दिन से लटकी हुई थी लाश
शिवलाल की पत्नी मंजू आज जब खेत में चारा लेने गई तो उसने देखा कि शिवलाल की लाश नीम के पेड़ से लटकी हुई है। यह देखकर वो सदमे में आ गई। आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजन भी वहां आ गए। सूचना पर एएसआई कमलेश कुमार मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को फंदे से नीचे उतारा।

पुलिस का कहना है कि शव 20 दिन पुराना है। पुलिस ने बताया कि शिवलाल की लाश पूरी तरह से सूख चुकी है। उधर, परिजनों ने एक बारगी शव का पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया, लेकिन बाद में समझाइश पर वो मान गए। शव को सीएचसी बागौर ले जाया गया, जहां उसका पोस्टमार्टम किया गया।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर शिवलाल की मौत खुदकुशी प्रतीत हो रही है। वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आ पाएंगे।