Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बेहतर कार्य करने वाले गुरुजन सम्मानित

  • तीन शिक्षकों का जिला स्तरीय व एक शिक्षक का ब्लॉक स्तरीय पुरस्कार से सम्मान
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिन के उपलक्ष्य में सोमवार को जंक्शन के सेक्टर 12 स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में जिला व ब्लॉक स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने शिरकत की। समारोह में जिला अहिंसा बोर्ड के सह संयोजक तरुण विजय, उपखण्ड अधिकारी डॉ. अवि गर्ग, सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी सुरेश बिश्नोई, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रामेश्वर लाल गोदारा, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक हंसराज जाजेवाल, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सीमा भल्ला व एडीपीसी जयसिंह रणवां भी अतिथियों के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिला कलक्टर समेत अन्य अतिथियों ने राज्य सरकार की ओर से चयनित तीन शिक्षकों को जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान से पुरस्कृत किया। साथ ही हनुमानगढ़ ब्लॉक के एक शिक्षक को ब्लॉक स्तरीय शिक्षक सम्मान से नवाजा। जिन्हें जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया उनमें राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय 6 एलजीडब्ल्यू (सदासिंहवाला) पीलीबंगा के अध्यापक उदयपाल, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कमाना (पीलीबंगा) की वरिष्ठ अध्यापिका ममता चौधरी व महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय टिब्बी के अध्यापक बलकरण सिंह शामिल रहे। वहीं राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय हनुमानगढ़ जंक्शन के प्राध्यापक ओमप्रकाश को ब्लॉक स्तरीय शिक्षक सम्मान प्रदान किया गया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने कहा कि सभी के लिए गर्व की बात है कि 5 सितम्बर का दिन गुरुजनों-शिक्षकों को समर्पित है। राजस्थान सरकार की ओर से भी इस दिन हर साल शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किए जाते हैं। डिडेल ने कहा कि शिक्षकों की मेहनत और उनके योगदान को ब्लॉक-स्कूल, जिला और राज्य स्तर के साथ राष्टÑीय स्तर पर भी पहचानने का बहुत अच्छा अवसर है। इस दिन हम कुछ समय अपने गुरुजनों को समर्पित कर पाते हैं। डिडेल ने शिक्षकों, छात्र-छात्राओं सहित शिक्षा विभाग की पूरी टीम को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी स्टूडेंट को प्रारंभिक शिक्षा देने वाले शिक्षक का योगदान ज्यादा महत्वपूर्ण होता है। क्योंकि बच्चे के पढ़ाई करने की शुरूआत के समय अगर शिक्षक ने लग्न के साथ पढ़ाया तो वह बच्चा अपनी जिंदगी में कहीं नहीं रूकता। कहीं नहीं थमता। साथ ही कहा कि आज अगर कोई भी व्यक्ति किसी मुकाम पर पहुंचता है तो उसके पीछे उनके शिक्षकों का योगदान काफी महत्वपूर्ण होता है। शिक्षक वह दीपक है जो स्वयं जलकर संसार को प्रकाशमय करता है। एसडीएम डॉ. अवि गर्ग ने कहा कि समाज में होने वाले परिवर्तन का श्रेय शिक्षक को जाता है। एक युग को दूसरे युग से जोड़ने का काम शिक्षक ही करता है। कार्यक्रम में एडीईओ रणवीर शर्मा सहित अन्य अधिकारी, स्कूल स्टाफ व विद्यार्थी मौजूद रहे।