Wednesday, July 3निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

भारत की लड़कियों ने किया मलेशिया का शिकार, अब कोरिया की बारी

हांगझाउ (वार्ता). एशियाई खेलों में भारत की महिला टीम ने शुक्रवार को ग्रुप ए के एक मैच में मलेशिया को 6-0 से रौंद कर लगातार दूसरी जीत हासिल की।
भारत ने शुरू से ही आक्रामक रवैया अख्तियार किया और शुरूआती 15 मिनट में एक के बाद एक चार गोल दाग कर मलेशिया को दवाब में ला दिया। मोनिका ने सातवें मिनट में, दीप ग्रेस एक्का ने आठवें मिनट में, निशा ने 11वें मिनट में और वैष्णवी विठल ने 15वें मिनट में गोल दागे। भारतीय लड़कियां यहीं नहीं रूकी और पहले हाफ में ही संगीता ने खेल के 24 वें मिनट में गोल दाग कर स्कोर 5-0 कर दिया। दूसरे हाफ में भी गेंद ज्यादातर भारतीय खिलाड़ियों के ही कब्जे में रही,नतीजन लालरेम्सियामी ने 50वें मिनट में गोल किया।
एफआईएच रैंकिंग में सातवें स्थान पर काबिज भारतीय महिला हॉकी टीम के हमलों का मलेशिया की रक्षा पंक्ति के पास कोई जवाब नहीं था। मोनिका ने खेल के 7वें मिनट में फील्ड गोल के जरिए किया। इसके अगले मिनट में अनुभवी खिलाड़ी दीप ग्रेस एक्का ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल दागा। भारतीय टीम यही नहीं रुकी और मैच के 11वें मिनट में एक और गोल कर मलेशिया की टीम पर 3-0 की बढ़त हासिल कर ली। पहले क्वार्टर के अंतिम मिनट में वैष्णवी विट्ठल ने फील्ड गोल किया और टीम के स्कोर में एक और गोल का इजाफा किया।
मैच का दूसरा क्वार्टर भी भारतीय महिला हॉकी टीम के ही नाम रहा। खेल के इस क्वार्टर में टीम ने एक और गोल किया। यह गोल भारतीय खिलाड़ी कुमारी संगीता ने खेल के 24वें मिनट में फील्ड गोल के जरिए किया।
खेल का तीसरा क्वार्टर गोलरहित रहा। मलेशिया की महिला हॉकी टीम ने इस क्वार्टर में गोल करने के सभी प्रयास किए, लेकिन भारत के मजबूत डिफेंस के सामने मलेशियाई खिलाड़ियों को भारतीय सर्किल में एंट्री मिलना भी मुश्किल हो गया। खेल के अंतिम क्वार्टर में मलेशिया की टीम ने गोल को कुछ मौके जरूर बनाए, लेकिन उन्हें कोई सफलता हाथ नहीं लगी। जबकि भारतीय टीम ने खेल के 49वें मिनट में एक और गोल किया और मैच में अपनी जीत सुनिश्चित कर ली। भारत के लिए खेल का अंतिम गोल लालरेम्सियामी ने किया।
भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपने पहले मुकाबले में सिंगापुर को 13-0 से हराकर अपने अभियान की शुरूआत की थी। भारत अब अपना अगला मुकाबला रविवार को कोरिया के खिलाफ खेलेगा।