नई दिल्ली
सेंट्रल विस्टा एवेन्यू का पहला फेज इस साल गणतंत्र दिवस परेड तक पूरी तरह से तैयार होना था, लेकिन हो नहीं पाया। अब सरकार ने कहा है कि यह मई तक पूरा हो जाएगा। आवास एवं शहरी मामलों के राज्य मंत्री (MoS) कौशल किशोर ने सोमवार को राज्यसभा में ये जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार अब तक इस परियोजना पर 418.7 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है।
राज्यसभा सांसद राम शकल के एक प्रश्न के लिखित जवाब में किशोर ने कहा, “अब तक किया गया खर्च 418.70 करोड़ रुपये है जिसे आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय द्वारा वहन किया जा रहा है। परियोजना के पहले चरण को मई, 2022 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।”
सेंट्रल विस्टा एवेन्यू का पुनर्विकास, केंद्र की 13,500 करोड़ रुपये की सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना का हिस्सा है, जो पिछले साल फरवरी में शुरू हुई थी। 608 करोड़ रुपये के सुधार कार्य में चार पैदल यात्री अंडरपास, आठ एमेनिटी ब्लॉक, राजपथ की रिलेइंग, और इसके साथ और लॉन में रास्तों का निर्माण, नहरों में सुधार और इसके ऊपर 16 स्थायी पुलों का निर्माण, बिजली और अन्य केबलों के लिए जगहों के वास्ते भूमिगत निर्माण शामिल है।