मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जयकारों से गूंजी भटनेर नगरी
by seemasandesh
रामनवमी के उपलक्ष्य में निकाली विराट हिन्दू धर्मयात्रा
जिला कलक्ट्रेट से शुरू हुई धर्मयात्रा गुजरी शहर के मुख्य मार्गांे से हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। रामनवमी के उपलक्ष्य में शनिवार को जिला मुख्यालय पर गाजे-बाजे के साथ विराट हिन्दू धर्मयात्रा निकाली गई। धर्मयात्रा जहां से भी गुजरी वहां का वातावरण मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। विश्व हिन्दू परिषद व बजरंग दल की ओर से निकाली गई धर्मयात्रा सुबह करीब 11 बजे जिला कलक्ट्रेट के सामने से शुरू हुई जो शहर के मुख्य-मुख्य मार्गांे से होते हुए गुजरी। झांकियों के साथ निकाली गई धर्मयात्रा का शहर में जगह-जगह स्वागत किया गया। टाउन पहुंचने पर धर्मयात्रा का विसर्जन किराना भवन के पास संघ कार्यालय में हुआ। धर्मयात्रा में आगे-आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में झांकियां सजाई हुई थी। इनके पीछे सर्व समाज के लोग दुपहिया व चौपहिया वाहन लेकर चल रहे थे। धर्मयात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर रहा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जस्साराम बोस व पुलिस उप अधीक्षक प्रशांत कौशिक के नेतृत्व में थानों के प्रभारियों ने धर्मयात्रा के दौरान साथ रहकर हर गतिविधि पर नजर बनाए रखी। इसके अलावा जिस मार्ग से धर्मयात्रा गुजरी वहां चप्पे-चप्पे पर पुलिस कार्मिक तैनात रहे। धर्मयात्रा के शांतिपूर्ण सम्पन्न होने पर पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।