लाखों रुपए की कीमत का प्लाईवुड हार्डवेयर सामान चोरी कर फर्नीचर तैयार कर बेचने का मामला हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। लाखों रुपए की कीमत का प्लाईवुड हार्डवेयर सामान चोरी कर फर्नीचर तैयार कर आगे बेच मालिक को चपत लगाने के मामले में कार्रवाई करते हुए जंक्शन पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामदगी के लिए पुलिस आरोपी का पीसी रिमांड मंजूर करवा पूछताछ में जुटी है। जांच अधिकारी एएसआई रोहताश कुमार ने बताया कि इस मामले में मनदीप सिंह पुत्र हरमेल सिंह निवासी चन्दड़ा को गिरफ्तार कर पीसी रिमांड हासिल किया गया है। उससे पूछताछ कर बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस वारदात में वह अकेला संलिप्त है या कोई और भी। गौरतलब है कि 8 जून को कीर्ति सेठी (41) पुत्र राजबक्श अरोड़ा निवासी सेक्टर नम्बर 9, जंक्शन ने मुकदमा दर्ज करवाया कि उसकी राजश्री प्लाईवुड हाउस के नाम से चूना फाटक के नजदीक दुकान है। उसने अपनी दुकान पर कार्य करने के लिए मनदीप सिंह को करीब 5 साल पहले रखा था। मनदीप सिंह उसकी दुकान पर काम के दौरान दुकान में से प्लाईवुड हार्डवेयर का सामान चोरी कर ले जाता और फर्नीचर तैयार कर बेच देता। मनदीप सिंह ने उसकी दुकान से करीब 8-9 लाख रुपए का सामान चोरी कर बेच दिया। यह सामान उसकी गैर मौजूदगी में चोरी करता था। जब उसे इस बारे में कुछ दिन पूर्व पता चला तो उसने मनदीप सिंह से बात की। पहले तो मनदीप सिंह कुछ बताने में आनाकानी करने लगा। बाद में कहा कि उसने ही सामान चोरी कर बेचा है। जो करना वो कर ले। इसके बाद से मनदीप सिंह उसकी दुकान पर भी नहीं आया। उसे घर पता किया तो उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि मनदीप सिंह कहां है।