Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

मालेगांव बम विस्फोट मामले में एक और गवाह मुकरा, कर्नल पुरोहित को नहीं पहचाना

नई दिल्ली

2008 के मालेगांव बम विस्फोट मामले में एक और गवाह मुकर गया है। अभियोजन पक्ष ने बताया कि ये अठारहवां गवाह है जो अपनी गवाही से मुकरा है। 2008 के मालेगांव बम विस्फोट में छह लोग मारे गए थे और 100 से अधिक घायल हुए थे। 

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बताया कि अपने बयान से मुकरने वाले नया गवाह मध्य प्रदेश का एक होटल मालिक है। एजेंसी ने कहा कि वह महाराष्ट्र आतंकवाद विरोधी दस्ते (एटीएस) और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को दिए गए अपने पहले के बयानों से मुकर गया। गवाह मामले के तीन आरोपियों कर्नल प्रसाद पुरोहित, अजय रहीरकर और सुधाकर चतुर्वेदी से संबंधित है।

एनआईए ने सोमवार को दिन-प्रतिदिन के आधार पर मुकदमे का संचालन कर रहे विशेष एनआईए न्यायाधीश पी आर सित्रे के समक्ष 232वां गवाह पेश किया। गवाह ने अदालत को सूचित किया कि उसे कुछ भी याद नहीं है और अदालत में मौजूद कर्नल पुरोहित की पहचान करने में विफल रहा। इससे पहले गवाह के बयान तीन बार दर्ज किए गए थे, एक बार महाराष्ट्र एटीएस द्वारा और दो बार एनआईए द्वारा मामले को संभालने के बाद।