दौसा. मेहंदीपुर बालाजी थाने के हिस्ट्रीशीटर निरंजन उर्फ घुण्ड्या मीणा की मंगलवार देर रात आपसी रंजिस में बदमाशों ने आपसी रंजिश के चलते पीट पीट कर हत्या कर दी और थाने से महज 100 मीटर दूर मीन भगवान मंदिर के पास पटक कर फरार हो गए। हालांकि पुलिस को मृतक घायल अवस्था में मिला। चिकित्सालय पहुंचाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस प्रशासन ने हत्या के आरोपी के 6 टेंपो, 2 टैक्टर , जीप सहित अन्य वाहन जब्त कर लिए हैं। साथ ही हत्या के आरोपी द्वारा थाने के पास जमीन पर किए अतिक्रमण को ध्वस्त करने की तैयारी भी प्रशासन ने शुरू कर दी है। बालाजी थाना प्रभारी अजीत बडसरा ने बताया कि मंगलवार रात करीब साढ़े 10 बजे मीन भगवान मंदिर के पास से गुजर रहे राहगीर ने पुलिस को अज्ञात व्यक्ति के पड़े होने की सूचना दी थी। इस पर हैड कान्स्टेबल देवेंद्र शर्मा तुरंत मौके पर पहुंचे। जहां घायल अवस्था में पड़े व्यक्ति की पहचान निरंजन उर्फ घुण्ड्या मीणा पुत्र कालूराम मीणा निवासी मीणा सीमला के रूप में हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि उसके हाथ पैर और कंधे पर चोट के निशान थे और वह मिट्टी में सना हुआ था। हैड कान्स्टेबल ने जब उससे घटना के बारे में पूछा तो निरंजन ने उसे पहले अस्पताल पहुंचाने की मांग की क इस पर उसको सिकराय अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डाक्टरो ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में परिजनों को पुलिस ने सूचना देकर बुलाया। परिजनों ने मृतक का शव लेने से इंकार कर दिया एवं हत्या के दोषियों को गिरफ्तार करने एवं आरोपियों के कब्जे से थाने की जमीन को मुक्त कराने की मांग की। मृतक के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। ग्रामीणों में फैला रोष … हिस्ट्रीशीटर निरंजन की हत्या की खबर से मेहंदीपुर बालाजी कस्बे व उसके गांव मीणा सीमला में रोष व्याप्त हो गया। सूचना के बाद लोग थाने के पास स्थित मीन भगवान मंदिर परिसर में सैकड़ों की संख्या में जुटे और सभी ने एक स्वर में आरोपियों को गिरफ्तार कर कठोर सजा दिलाने की मांग की। मृतक के पिता कालूराम मीणा ने बताया कि उसके बेटे की बेवजह बेरहमी से हत्या की गई है। इस संबंध में पुलिस को नामजद रिपोर्ट दी गई है। इधर मामले की गम्भीरता को देखते मानपुर सीओ दीपक मीणा, सिकराय उपखण्ड अधिकारी सहित बडी संख्या में पुलिस जाप्ता मौजूद है।