Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

युजवेंद्र चहल ने ODI क्रिकेट में पूरी की ‘स्पेशल सेंचुरी’, भारत के 1000वें वनडे मैच में किया कमाल

नई दिल्ली

भारतीय टीम के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे पहले वनडे इंटरनेशनल मैच में कमाल की गेंदबाजी की। युजवेंद्र चहल ने पहले ही ओवर में दो लगातार शिकार किए। युजवेंद्र चहल ने जैसे ही पहला विकेट हासिल किया तो उन्होंने अपना शतक वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में पूरा कर लिया। जी हां, युजवेंद्र चहल के नाम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 विकेट लेने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। 

युजवेंद्र चहल ने वेस्टइंडीज की पारी में 20वां ओवर किया, जो कि उनके लिए इस मैच का पहला ओवर था। युजवेंद्र चहल ने अपने इस पहले ओवर की तीसरी गेंद पर बाएं हाथ के बल्लेबाज निकोलस पूरन को फंसा लिया। हालांकि, अंपायर ने उनको आउट नहीं दिया, लेकिन कप्तान रोहित शर्मा ने चहल और विकेटकीपर रिषभ पंत के कहने पर डीआरएस ले लिया और रिव्यू में पाया गया कि गेंद बल्ले से नहीं लगी और सीधी स्टंप्स पर जा लगेगी। 

31 वर्षीय युजवेंद्र चहल को ये विकेट मिल गया, जो कि उनके वनडे इंटरनेशनल करियर का 100वां विकेट था। भारत के 1000वें वनडे इंटरनेशनल मैच में युजवेंद्र चहल ने ये उपलब्धि हासिल की है, जो कि उन्हें हमेशा याद रहेगी। इतना ही नहीं, युजवेंद्र चहल ने अगली ही गेंद पर वेस्टइंडीज टीम के कप्तान किरोन पोलार्ड को क्लीन बोल्ड कर दिया। किरोन पोलार्ड लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल की गुगली को समझ नहीं पाए और अपना विकेट गंवा बैठ। ऐसे में युजवेंद्र चहल हैट्रिक पर थे। कप्तान रोहित शर्मा और पूर्व कप्तान विराट कोहली ने उनको हैट्रिक दिलाने के लिए अच्छी फील्ड सेट की, लेकिन उनको लगातार तीसरी सफलता नहीं मिली।