रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की शादी की खबरें खूब सुर्खियों में हैं। दोनों की शादी को लेकर रोज नए अपडेट आते रहते हैं। अब शादी की इन खबरों के बीच रणबीर की मां नीतू कपूर ने उनके लिए एक पोस्ट किया है। दरअसल, नीतू ने रणबीर कपूर के साथ फोटो शेयर की है और इसके साथ एक्टर पर अपना प्यार जाहिर किया है। फोटो शेयर कर नीतू ने लिखा, एड शूट मेरे जाने-जिगर (हार्टबीट) के साथ।
दरअसल, नीतू और रणबीर एक एड शूट के लिए साथ आए हैं। हालांकि दोनों किस ब्रांड के एड के लिए साथ आए हैं इसको लेकर कोई जानकारी नहीं है। फोटो में आप देखेंगे कि नीतू और रणबीर साथ में बैठे हुए हैं। दोनों के चेहरे पर स्माइल नजर आ रही है।
फैंस नीतू की इस पोस्ट पर खूब प्यार बरसा रहे हैं। दोनों मां-बेटे की जोड़ी फैंस को बहुत पसंद आ रही है। नीतू की बेटी रिद्धिमा कपूर, आलिया भट्ट की मां सोनी राजदान ने दिल वाले इमोजी पोस्ट किए हैं। इसके साथ ही फैंस भी खूब कमेंट कर रहे हैं। कोई कमेंट कर रहा है कि ये सिर्फ आपके नहीं बल्कि और भी कई लोगों के जाने-जिगर हैं। तो कोई कमेंट कर रहा है कि नजर ना लगे। तो वहीं कुछ फैंस पूछ रहे हैं कि शादी की तैयारी कर ली क्या?