राजस्थान स्टेट एग्रो इंड्रस्टीज डवल्पमेंट बोर्ड के नवनियुक्त राज्य स्तरीय सदस्य मनीष धारणिया का अभिनंदन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। राज्य सरकार की ओर से हाल ही में राजस्थान स्टेट एग्रो इंड्रस्टीज डवल्पमेंट बोर्ड के राज्य स्तरीय सदस्य नियुक्त किए गए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनीष धारणिया का इस मनोनयन के बाद शुक्रवार को प्रथम बार हनुमानगढ़ पधारने पर जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से अभिनंदन किया गया। अभिनंदन समारोह का आयोजन टाउन में पंचायत समिति कार्यालय के नजदीक स्थित भटनेर पैलस (फूडग्रेन धर्मशाला) में किया गया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह हनुमानगढ़ के लिए गौरव की बात है कि राज्य स्तर पर हर नियुक्ति में हनुमानगढ़ को प्रतिनिधित्व दिया जा रहा है। लगातार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राज्य स्तरीय नियुक्तियों में विभिन्न पदों पर नियुक्त हो रहे हैं। आने वाले समय में जिला स्तरीय नियुक्तियां भी होनी हैं। इससे क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता काफी उत्साहित हैं। साथ ही वक्ताओं ने कहा कि राजस्थान स्टेट एग्रो इंड्रस्टीज डवल्पमेंट बोर्ड के राज्य स्तरीय सदस्य नियुक्त होने के साथ ही मनीष धारणिया से क्षेत्र की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। क्योंकि हनुमानगढ़ जिला कृषि प्रधान है। एग्रो इंडस्ट्री को कैसे आगे बढ़ाया जाता है, कैसे हनुमानगढ़ की बात को राज्य स्तर पर पुख्ता रूप से रखा जाए, यह देखने लायक बात होगी। क्षेत्र के लोगों को पूरी आशा है कि पूर्व में विभिन्न पदों पर रहते हुए सराहनीय कार्य करने वाले मनीष धारणिया इस नए पद को भी पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाते हुए एग्रो इंडस्ट्री के क्षेत्र में हनुमानगढ़ की मांगों को पूरा करवाएंगे। राजस्थान स्टेट एग्रो इंड्रस्टीज डवल्पमेंट बोर्ड के राज्य स्तरीय सदस्य मनीष धारणिया ने अपने संबोधन में अभिनंदन के लिए कार्यकर्ताओं व युवाओं का आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार की ओर से उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। धारणिया ने कहा कि उनका सम्मान करने वाले युवा यूथ कांग्रेस में शामिल होने से लेकर आज तक चट्टान की तरह उनके साथ खड़े रहे हैं। साथ ही आश्वस्त करते हुए कहा कि कृषि प्रधान होने के नाते वे हनुमानगढ़ जिले की समस्याओं को उच्च स्तर तक उठाया जाएगा। कोशिश रहेगी कि राजस्थान के किसानों की आय दोगुनी हो। प्रदेश में ज्यादा से ज्यादा एग्रो बेस इंडस्ट्री लगे ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके। धारणिया ने कहा कि राजस्थान का किसान उनकी प्राथमिकता रहेगी। कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य मनीष गोदारा, बाल कल्याण समिति सदस्य एडवोकेट प्रेमचन्द शर्मा, पार्षद प्रतिनिधि मनोज बड़सीवाल, मनमोहन सोनी, वली मोहम्मद सहित कांग्रेस पार्टी के कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।