भरतपुर।
राजस्थान के भरतपुर में खेत की फसल कुटाई के बदले अनाज लेने पहुंचे गांव के ही व्यक्ति ने एक महिला के साथ दुष्कर्म कर दिया। दुष्कर्म के बाद महिला को कहा कि अब तुम्हारे परिजनों को फसल कुटाई के बदले ना तो अनाज और ना ही रुपये देने की जरूरत है। घटना के समय महिला घर में अकेली थी। बाहर काम पर गए पति को फ़ोन पर पीड़िता ने घटना के बारे में बताया जिसके बाद आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गयी है।
क्या है मामला
घटना 28 अप्रैल की शाम की है। पहाड़ी थाना इलाके के एक गांव में फसल कुटाई करने वाला पड़ोसी व्यक्ति आरोपी महिला के घर फसल कुटाई के बदले अनाज लेने के लिए आया था। आरोपी ने महिला को घर में अकेला देख उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने विगत शाम पहाड़ी थाने में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था।
क्या कहना है पीड़िता का
पीड़िता ने बताया कि हमारे गांव के ही फसल कुटाई के मशीन संचालक मुफीद से हमने अपनी फसल की कुटाई करवाई थी। फसल कुटाई के बदले उसे अनाज देना था, जिसके लिए वह अनाज लेने के लिए मेरे घर आया था। उस समय मैं घर में अकेली थी। मुफीद ने मुझे पकड़ लिया और जबरदस्ती दुष्कर्म किया। बाद में उसने मुझसे कहा कि इसके बारे में किसी को मत बताना और अब मैं फसल कुटाई के बदले अनाज नहीं लूंगा। मेने इसके बारे में अपने पति को बताया। मेरा पति बाहर मजदूरी करता है। इसके बाद हमने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।