जयपुर
3 दिन से बादल-बारिश के मौसम से परेशान लोगों को सोमवार को थोड़ी राहत मिली। जयपुर समेत प्रदेश के तमाम शहरों में आज मौसम साफ रहा। हालांकि कभी धूप, कभी बादल वाली स्थिति बनी रही। इस बीच, गलनभरी सर्दी से रात के तापमान में गिरावट हुई। जयपुर, उदयपुर, जोधपुर समेत राजस्थान के कई शहरों में बीती रात न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कमी दर्ज की गई। वहीं, माउंट आबू में बारिश, तूफान और सर्द हवाओं ने तापमान में जबरदस्त बदलाव लाया है। एक ही दिन में रात का पारा 4 डिग्री गिरा। वहीं, अधिकतम तापमान में 4 डिग्री का उछाल आया। इससे शहर का तापमान शून्य से माइनस 4 डिग्री और अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम की स्थिति देखें तो आज सभी जगह धूप निकलने से न केवल लोगों की दिनचर्या में बदलाव देखने को मिला। बाजारों में लोगों की भीड़ दिखी और शहरों में विजिबिलिटी भी अच्छी रही। पॉल्यूशन लेवल भी बहुत कम हो गया। एनसीआर एरिया भिवाड़ी में आज सुबह का एयर क्वालिटी इंडेक्स 131 पर दर्ज हुआ, जो सामान्यतः 200 या उससे ऊपर रहता है। जयपुर, कोटा, पाली में जिलों में भी एयर क्वालिटी इंडेक्स 50-130 के बीच दर्ज हुआ। इधर, किसानों को भी राहत मिली। नमी होने और हवा चलने से जो फसलों के ग्रोथ रुकने का डर था, वह खत्म हो गया।