चित्तौड़गढ़ (वार्ता). राजस्थान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष चंद्रप्रकाश जोशी ने गहलोत सरकार पर भ्रष्टाचारियों और तालिबानी तत्वों को खुला संरक्षण देने का आरोप लगाया।
श्री जोशी ने आज यहां चित्तौड़गढ़ विधानसभा क्षेत्र के केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के विशाल सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि राजस्थान में जिस तरह चौतरफा भ्रष्टाचार पनपा हुआ है और तालिबानी सोच के साथ तलवारें लहराने वाले खुले घूम रहे हैं उससे लगता है कि ऐसे तत्वों को राज्य सरकार का खुला संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने साथ ही कहा कि जयपुर और मालपुरा में हिन्दू अपने घर छोड़ पलायन कर रहे हैं ये बात इसी का सबूत है कि यहां तालिबानी सोच हावी है।
श्रभ् जोशी ने आगामी दिनों में यहां आ रहे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का स्वागत करते हुए कहा कि आप आ रहे हैं लेकिन जनता आपसे साढ़े चार साल का हिसाब मांग रही है।
सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए स्थानीय विधायक चंद्रभान सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार के नौ वर्ष में चित्तौड़गढ़ विधानसभा क्षेत्र में चालीस हजार निजी शौचालय एवं सत्तर सामूदायिक शौचालय का निर्माण हुआ है, 3159 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है तो 66 करोड़ रुपए की सम्मान निधि किसानों के खातों में पहुंची है। इसके अलावा दीनदयाल ग्राम ज्योति योजना में दर्जनों गांवों को रोशन किया गया है। सम्मेलन को भाजपा जिलाध्यक्ष गौतम दक,जिला प्रमुख सुरेश धाकड़ व पंचायत समिति प्रधान रणजीत सिंह भाटी ने भी सम्बोधित किया।