अजमेर।
राजस्थान के अजमेर में मंगलवार रात अचानक मौसम ने करवट ली तो देखते ही देखते आसमान में बिजली चमकने लगी। इस दौरान बिजली की चपेट में आए एक 9 साल के मासूम समेत 13 भेड़ों की मौत हो गई। जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक अफसरों ने मौके पर पहुंचने के बाद पीड़ितों को मदद का भरोसा दिलाया है।
जानकारी के मुताबिक अजमेर जिले के अधिकांश कस्बों और गांवों में मंगलवार रात अचानक मौसम बदला। पहले तेज हवाएं चलीं और बाद में आसमान में तेज गर्जना हुई और जोरदार बिजली गिरी। बिजली गिरने से उसकी चपेट में रावतखेड़ा निवासी एक बच्चा व एक बच्ची के अलावा 13 भेड़ें भी आ गईं। बिजली गिरने से 9 साल के बच्चे और 13 भेड़ों की मौत हो गई।
प्रशासन ने दिया जल्द राहत देने का भरोसा
वहीं बिजली गिरने की वजह से घायल बच्ची को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। बताया गया कि हादसे के समय भेड़ें खुले बाड़े में थीं और बच्चा कुएं के पास खड़ा था। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने इस हादसे में हताहत लोगों को जल्द राहत देने का भरोसा दिलाया है।