Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

राजस्थान में लगातार तीसरे दिन टेम्परेचर माइनस में:प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश की चेतावनी, ओले भी गिरेंगे

जयपुर। राजस्थान में आज लगातार तीसरे दिन टेम्परेचर माइनस में दर्ज हुआ। सीकर के फतेहपुर, जोबनेर और चूरू में आज न्यूनतम तापमान माइनस 1 पर होने से यहां बर्फ जमी। इधर कोटा, बूंदी, उदयपुर, जयपुर समेत कई शहरों में कल के मुकाबले शुक्रवार रात का टेम्परेचर 1 से लेकर 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरा।
उत्तर भारत से आई सर्द हवाओं के कारण राजस्थान के कई शहरों में पिछले दो दिनों से गलनभरी सर्दी पड़ रही है। मौसम केन्द्र जयपुर ने आज शाम से सर्दी का असर कम होने और एक वेर्स्टन डिर्स्टबेंस सक्रिय होने की संभावना जताई है। इस सिस्टम के असर से शनिवार शाम को बीकानेर, जोधपुर संभाग के जिलों में बादल छाने के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है।
राज्य में आज मौसम की स्थिति देखे तो फतेहपुर में तापमान माइनस 1.5 और जयपुर के जोबनेर में तापमान माइनस एक डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इनके अलावा हिल स्टेशन माउंट आबू में भी आज चौथे दिन तापमान माइनस में दर्ज हुआ। इन शहरों के अलावा बीकानेर, भीलवाड़ा, पिलानी, हनुमानगढ़, फलौदी, करौली, सिरोही, बारां में आज न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। फतेहपुर, जोबनेर के अलावा चूरू, हनुमानगढ़ के ग्रामीण इलाकों में आज भी कई जगह खेतों में ठंड के कारण ओस की बूंद जम गई।
दिन में तेज धूप से राहत
सुबह-शाम गलन भरी सर्दी से लोगों को दिन में तेज धूप से राहत मिली। आज भी अधिकांश शहरों में सुबह मौसम साफ रहा और तेज धूप निकली। हालांकि बीकानेर, गंगानगर बेल्ट में आसमान में हल्के धुंध और बादल छाए रहे। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 23 से 26 जनवरी को उत्तरी भारत में हुई भारी बर्फबारी के कारण मैदानों में सर्दी तेज हुई है।
आज से शाम से बदलेगा मौसम
मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आज एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के ऊपर एक्टिव है, जो धीरे-धीरे पश्चिमी राजस्थान की ओर से बढ़ रहा है। यहां पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सकुर्लेशन बनने की संभावना है। इसके असर से आज दोपहर या शाम के बाद से ही राज्य के कुछ भागों में आसमान में बादल छाने लगेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है।
उन्होंने बताया कि इस सिस्टम का असर राज्य में सबसे ज्यादा 29 जनवरी को रहेगा, जब आधे से ज्यादा राजस्थान के जिलों में बारिश हो सकती है साथ ही कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते है। 30 जनवरी को भी इस सिस्टम का असर पूर्वी राजस्थान में भरतपुर, जयपुर संभाग के जिलों में देखने को मिल सकता है।