जयपुर
राजस्थान की गहलोत सरकार ने प्रदेश के करीब 85 हजार थर्ड ग्रेड शिक्षकों के तबादले करने की तैयारी कर ली है। ये शिक्षक लंबे समय से तबादलों का इंतजार कर रहे हैं। इन शिक्षकों ने पिछले साल तबादले के लिए आवेदन किए थे। शिक्षामंत्री बीडी कल्ला ने शनिवार को संकेत दिया कि राज्य में जल्द तबादला नीति जारी होगी। सीएम गहलोत के अनुमोदन के बाद तबादला नीति जारी कर दी जाएगी। तबादला नीति जारी होते ही थर्ड ग्रेड के शिक्षकों के तबादलों की राह खुल जाएगी।
सीएम गहलोत ने दिए थे तबादला नीति बनाने के निर्देश
उल्लेखनीय है कि सीएम गहलोत के निर्देश पर ही तबादला नीति बनाई गई है। तबादला नीति लागू होते ही शिक्षकों के तबादलों में राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं होगा। पिछले साल गहलोत सरकार ने द्धितीय श्रेणी के शिक्षकों के तबादले किए थे। लेकिन थर्ड ग्रेड शिक्षकों के तबादले नहीं किए थे।