Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में बढ़ा झगड़ा:36 साल में किसी आदिवासी को राज्यसभा नहीं भेजा; राहुल की सभा के 2 दिन बाद ही फूट

जयपुर

कांग्रेस को नए सिरे से खड़ा करने के लिए उदयपुर में चिंतन शिविर के फैसलों के तीन दिन बाद ही पार्टी में विवाद शुरू हो गया है। जिस वागड़ में राहुल गांधी से लेकर कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने चिंतन किया, वहां राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस नेताओं के बीच अंदरूनी झगड़ा अब खुलकर सामने आ गया है। जनजाति बाहुल्य जिलों के कांग्रेस विधायकों और नेताओं ने खुलकर नाराजगी जतानी शुरू कर दी है। विवाद भी उस इलाके में हो रहा है, जहां चिंतन शिविर हुआ और राहुल गांधी की सभा हुई।

झगड़े की असली जड़ आदिवासी बनाम गैर-आदिवासी के वर्चस्व से जुड़ी है। आदिवासी विधायक अब गैर-आदिवासी नेताओं के वर्चस्व से नाराज हैं। कांग्रेस विधायक गणेश घोघरा और रामलाल मीणा इस मुद्दे पर खुलकर विरोध में आ चुके हैं। गणेश घोघरा के नाराज होकर इस्तीफा देने के पीछे इसी वर्चस्व की लड़ाई को कारण बताया जा रहा है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक कांग्रेस में आदिवासी इलाके से राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने को लेकर भी झगड़ा है। कांग्रेस के आदिवासी नेता राज्यसभा के लिए दावेदारी कर रहे हैं।