जयपुर
राजस्थान में 24 साल की एक दुल्हन को प्रताड़ित करने का आरोप लगा है। आरोप है कि दुल्हन को पीटा गया और उसे जबरन कौमार्य परीक्षण (Virginity Test) से गुजरना पड़ा। मामला भीलवाड़ा जिले का है। इतना ही नहीं जब दुल्हन इस टेस्ट में फेल हुई तो उसके परिवार वालों पर 10 लाख रुपये का जुर्माना भी लगा दिया गया। युवती सांसी जनजाति से ताल्लुक रखती है। इस जनजाति में कुकड़ी प्रथा (कौमार्य जांच) प्रचलित है। इस प्रथा के तहत इस लड़की का कौमार्य जांच किया गया जिसमें वो फेल हो गई। इसके बाद उसके परिवार वालों को लड़के के परिवार वालों को 10 लाख रुपये देने पड़े।
उपपुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार ने कहा, लड़की के पड़ोसी ने पहले उसके साथ दुष्कर्म किया था। इस संबंध में केस भी दर्ज करवाया गया था। 11 मई 2022 को लड़की शादी हुई थी। जिसके बाद उसे जबरन कुकड़ी प्रथा से गुजरना पड़ा।
पुलिस ने बताया कि दुल्हन के ससुर हेड कॉन्स्टबेल हैं और उन्हें लड़की के साथ हुई इस घटना की जानकारी दी। इसके बावजूद उसे इस अमानवीयता, टॉर्चर और प्रताड़ना से गुजरना पड़ा। खाप पंचायत बुलाई गई थी। उसके साथ हुई रेप की घटना को सरेआम उजागर किया गया जो कि एक अपराध है।
पुलिस के मुताबिक, खाप पंचायत ने उस वक्त कोई फरमान नहीं सुनाया था। लेकिन 31 मई को उन्होंने 10 लाख रुपये हर्जाना लगा दिया। इसके बाद ससुराल वाले लड़की को प्रताड़ित करने लगे जिसकी वजह से उसे अपने पिता के घर वापस आना पड़ा।