Sunday, May 3निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

रोडवेज के मुख्य प्रबंधक को एपीओ करने की मांग

  • भारत की जनवादी नौजवान सभा ने जिला कलक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    राजस्थान पथ परिवहन निगम हनुमानगढ़ आगार के मुख्य प्रबंधक को एपीओ करने की मांग को लेकर भारत की जनवानी नौजवान सभा के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिला कलक्टर के नाम प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान रघुवीर वर्मा ने आरोप लगाया कि राजस्थान पथ परिवहन निगम हनुमानगढ़ आगार के मुख्य प्रबंधक दीपक भोबिया लगातार भ्रष्ट गतिविधियों में लिप्त रहे हैं। पूर्व में हुई सम्राट कार्ड योजना में भी जांच में घोटाले की बात सामने आई। रोडवेज में निशुल्क पास का असंवैधानिक रूप से प्रयोग कर फर्जी तरीके से आय बढ़ाने का घोटाला भी सुर्खियों में रहा। ताजा मामले में गुरुवार को हनुमानगढ़ रोडवेज डिपो के परिचालक को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो जयपुर की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी परिचालक ने पूछताछ में एसीबी टीम को जानकारी दी कि उसने यह रिश्वत डिपो मैनेजर के नाम पर बकाया बिल पास करवाने व ड्यूटी आॅफिस में लगाने के एवज में मांगी थी। वर्मा ने कहा कि इसलिए किसी भ्रष्ट अधिकारी का इस पद पर आसीन रहना उचित नहीं है। उन्होंने आगार के मुख्य प्रबंधक को तुरन्त प्रभाव से एपीओ करने की मांग की। इस मौके पर सुरेश, वेद आदि मौजूद थे।