इंदौर. इंदौर टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया से मिली 9 विकेट की करारी हार के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा है कि स्पिन फ्रेंडली पिच पर खेलने का फैसला टीम का था। हम जानते थे यह हमारे बल्लेबाजों के लिए भी चैलेंजिंग होगा, लेकिन हम इसके लिए तैयार थे, हालांकि पहली पारी में भारतीय बल्लेबाज अच्छी बैटिंग नहीं कर सके।
मैच के पहले दिन टीम इंडिया 109 रन पर आउट हो गई और इंदौर के होलकर मैदान की पिच को लेकर सवाल उठने लगे। पहले दिन के पहले ही सेशन से 4.8 डिग्री का टर्न देखा गया। जो काफी ज्यादा था। ऐसे में भास्कर ने सबसे पहले दावा किया था कि भारतीय टीम मैनेजमेंट ने ही स्पिन ट्रैक की मांग की थी, लेकिन वह अपने ही जाल में उलझ गई। बाद में ICC ने इस पिच को खराब रेटिंग भी दी।
तीसरे टेस्ट में गिरे 31 में से 26 विकेट स्पिनर्स को मिले। जबकि चार तेज गेंदबाजों के खाते में आए। एक रन आउट हुआ।
अब पढ़िए रोहित ने क्या कहा…
भारतीय कप्तान ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में कहा- ‘जब आप एक टेस्ट हारते हो तो उसमें कई सारी चीजें होती हैं, जो सही तरीके से नहीं हुई हैं। शुरुआत से बताऊं तो हमने पहली पारी में अच्छी बैटिंग नहीं की। हम यह समझते हैं कि पहली पारी में स्कोरबोर्ड पर रन दर्ज कराना कितना जरूरी है। जाहिर-सी बात है कि जब प्रतिद्वंद्वी को 80-90 रनों की बढ़त मिल जाती है, तो हमें बैट से बढ़िया प्रदर्शन की जरूरत होती है, लेकिन हम वह नहीं कर सके और हमने केवल 75 रनों की बढ़त ली।
ईमानदारी से कहूं तो अभी हम इस बारे में नहीं सोच रहे हैं। हमने अभी टेस्ट समाप्त किया है और हमें हार से उबरने और फिर प्रयास करने की जरूरत है। हमें यह समझने की जरूरत है कि एक टीम के तौर पर हमें सुधार की जरूरत है।
जब आप चैलेंजिंग पिचों पर खेलते हैं तो आपको बॉल करना होता है। हमने उनके गेंदबाजों को एक ही जगह पर बॉल डालने दिया। हम उनसे श्रेय नहीं लेना चाहते हैं खास कर नाथन लायन से। हमें प्रयास करने और बहादुर बनने की जरूरत है। मुझे लगता है कि जो हम नहीं थे। हम कुछ लोगों को साथ में जोड़ना चाहते थे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।’
109 रन पर सिमटी थी भारत की पहली पारी, कुहनेमन को 5 विकेट
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया पहली पारी में 109 रनों पर ऑलआउट हो गई। टीम से विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 22 रन बनाए। जबकि केएल राहुल की जगह खेल रहे ओपनर शुभमन गिल ने 21 रन बनाए। विकेटकीपर केएस भरत और उमेश यादव ने 17-17 रन बनाए। वहीं, कप्तान रोहित शर्मा और अक्षर पटेल 12-12 रन ही जोड़ सके। शेष बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से मैथ्यू कुहनेमन ने 5 विकेट हासिल किए। जबकि नाथन लायन को 3 सफलताएं मिलीं। एक विकेट टॉड मर्फी के हिस्से आया।