Thursday, April 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

रोहित, भरत और क्रिश यूथ बॉक्सिंग चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे

गंगटोक (वार्ता). एशियाई जूनियर चैम्पियन रोहित चमोली, भरत जून और क्रिश पाल यहां खेली जा रही छठी यूथ मेन्स नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप के तीसरे दिन क्वार्टर फाइनल में पहुंच गये हैं।
चंडीगढ़ के रोहित चमोली (54 किग्रा) ने अरुणाचल प्रदेश के जॉन लापुंग को 5-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। क्लोज रेंज से उनके असाधारण आक्रामक प्रदर्शन ने उन्हें क्वार्टर फाइनल में पहुंचा दिया, जहां उनका सामना दिल्ली के उमेश कुमार से होगा।
मौजूदा एशियाई जूनियर मुक्केबाजी चैम्पियन, क्रिश पाल ने अपनी विजयी लय जारी रखते हुए तेलंगाना के मोहम्मद जुनाद को 48 किग्रा भार वर्ग के राउंड आॅफ 16 में हरा दिया। चंडीगढ़ का प्रतिनिधित्व कर रहे क्रिश ने शुरूआत से ही रिंग में अपनी श्रेष्ठता का प्रदर्शन किया और उनके विरोधी के पास इसका कोई जवाब नहीं था। क्वार्टर फाइनल में अब उनका मुकाबला हरियाणा के विशेष से होगा।
हरियाणा के भरत जून (92 किग्रा) ने उत्तर प्रदेश के ऋषभ पांडे के खिलाफ एकतरफा बाउट में अपने कौशल और शक्ति का प्रदर्शन किया। भरत ने पहले राउंड में धीरे-धीरे शुरूआत की और दूसरे राउंड में अपने पंचों की झड़ी के साथ आउट होने से पहले प्रतिद्वंद्वी को पकड़ने के लिए अपना समय लिया और परिणामस्वरूप, रेफरी ने प्रतियोगिता रोक दी। अगले दौर में उनका सामना उत्तराखंड के रिद्धुमन सुब्बा से होगा।