Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

‘लव या लैंड जिहाद तो योगी स्टाइल में काम तमाम’:‘सकल हिंदू समाज’ के नाम पर 29 रैलियां, मंच से मुस्लिमों को धमकी

मुंबई.

तारीख: 5 मार्च 2023
जगह: ठाणे का नेवाली गांव
नेवाली के क्रिकेट ग्राउंड में 5000 लोगों की भीड़ है, सभी के सिर पर भगवा पगड़ी या फिर हाथ में भगवा झंडा है। मंच पर BJP से सस्पेंड चल रहे तेलंगाना से विधायक टी राजा बैठे हैं। मंच पर मौजूद पालघर हिंदू शक्ति पीठ के स्वामी भरतानंद महाराज भीड़ से पूछते हैं- ‘शिवाजी की भूमि पर मस्जिदों की क्या जरूरत है? ‘भूमि जिहाद’ के जरिए हिंदुओं की जमीन हड़पी जा रही है। मुस्लिम पुरुष हिंदू महिलाओं को बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन करा रहे हैं।’ भीड़ से ‘जय श्री राम’ का नारा गूंजने लगता है।

तारीख: 10 मार्च 2023
जगह: अहमदनगर का श्रीरामपुर
छत्रपति शिवाजी जयंती का समारोह है। मैदान पर हजारों लोगों की भीड़ है, जिनके हाथों में भगवा झंडे हैं। स्टेज से टी राजा बोलते हैं- ‘हमारी बहन-बेटियों को लव जिहाद के नाम पर फंसाया जा रहा है। उन्हें पाकिस्तान, सऊदी अरब और जहां-जहां इस्लामिक राज है, वहां बेचा जा रहा है। महाराष्ट्र में श्रद्धा, रूपाली या फिर उर्वशी को लव जिहाद के नाम पर फंसाया गया। श्रद्धा को दिल्ली में ले जाकर इन ‘हरा*यों’ ने 35 टुकड़े कर दिए।’

टी राजा इस स्पीच में मुस्लिमों को कॉकरोच कहते हैं। कहते हैं- ‘हमारे हिंदू राष्ट्र में ये तुम्हारी 5 बार की पुकार (नमाज) नहीं होगी। योगी वाले स्टाइल में सबका काम तमाम कर देंगे। बाला साहब ठाकरे ने भी कहा था, देश सुरक्षित रखना है तो देशद्रोही ‘लांडो’ को सीधे गोली मारनी होगी।’

श्रीरामपुर थाना प्रभारी हर्षवर्धन गवली के मुताबिक, इस बयान को लेकर टी राजा पर धारा 295 ए (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने), 504 (शांति भंग करने) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इस तरह के बयानों वाली 29 रैलियां हो चुकीं
टी राजा सिंह पैगंबर मोहम्मद साहब के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के मामले में पहले भी जेल भी जा चुके हैं। आजकल वे सकल हिंदू समाज की ओर से हो रहीं ऐसी रैलियों में स्टार चेहरा हैं। पिछले 3 महीने में ‘सकल हिंदू समाज’ महाराष्ट्र के 29 शहरों में ऐसी रैलियां और रोड शो कर चुका है।

टी राजा यहीं नहीं रुकते, आगे कहते हैं- ’ब्राह्मण की लड़की के लिए 5 लाख, राजपूत की लड़की के लिए 4 लाख, OBC, SC-ST की लड़की है तो 2 लाख रुपए, जैन समाज की लड़की 3 लाख रुपए, गुजराती समाज की लड़की के लिए 6 लाख रुपए, सिख लड़की के लिए 7 लाख और मराठी समाज की लड़की के लिए इन ‘लांडों’ ने 5 लाख रुपए का रेट फिक्स किया है।’ मुसलमानों को महाराष्ट्र के इलाकों में ‘लांडा’ कहा जाता है, ये एक तरह की गाली है।

इन रैलियों में लव जिहाद, लैंड जिहाद, गौहत्या, धर्मांतरण, नवरात्रों में मुस्लिमों का गरबे में जाना जैसे मुद्दों पर भाषणबाजी होती है। इन भाषणों में निशाने पर मुसलमान होते हैं, उन्हें बार-बार ‘लांडा’ कहकर संबोधित किया जाता है। इन रैलियों के दौरान टी राजा की सुरक्षा में पुलिसवाले भी मौजूद रहते हैं। धर्म विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल होता है और पुलिस भी चुपचाप देखती रहती है।

‘सकल हिंदू समाज’ यानी हिंदूवादी संगठनों का ग्रुप
इन रैलियों के राजनीतिक मकसद को समझने के लिए मैंने सबसे पहले सकल हिंदू समाज नाम के इस संगठन की पड़ताल की। ये एक मंच है, जिसे कई हिंदू संगठनों ने मिलकर बनाया है। इनमें विश्व हिंदू परिषद्, बजरंग दल, हिंदू जनजागृति समिति, हिंदू प्रतिष्ठान, दुर्गा वाहिनी, विश्व श्रीराम सेना, राष्ट्रीय श्रीराम संघ और सनातन संस्था इनमें शामिल हैं। इन रैलियों को BJP नेताओं का भी खुला सपोर्ट है।