हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन में श्रीगंगानगर मार्ग स्थित लाल चौक के नजदीक जिला कलक्ट्रेट रोड पर बीचोंबीच पेयजल पाइप लाइन लीकेज से बने गड्ढे के कारण वाहन चालकों को हो रही परेशानी का समाचार प्रकाशित होने के बाद गुरुवार को पीएचईडी अधिकारी हरकत में आए। इसके तहत गुरुवार को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कर्मचारी ने मौके पर पहुंच लीकेज पेयजल पाइप लाइन को दुरुस्त कर गड्ढे को भर दिया। इससे वाहन चालकों को आवागमन में हो रही दिक्कतों से निजात मिली। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से एफसीआई गोदाम के समक्ष हाल ही में बनी सड़क के बीचोंबीच पेयजल पाइप लाइन लीकेज होने से गहरा गड्ढा बन गया था जो हादसों को न्यौता दे रहा था। रोजाना इस गड्ढे के कारण छुटपुट हादसे हो रहे थे। पाइप लीकेज के कारण बने गड्ढे में पानी भरा हुआ था। इस कारण यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को इस गड्ढे का आभास नहीं रहता था। इस समस्या को लेकर बुधवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी के कार्यकर्ताओं ने भी मौके पर एकत्रित होकर जलदाय विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर रोष प्रकट किया था। साथ ही नगर परिषद की निर्माण समिति के अध्यक्ष सुमित रणवां की ओर से भी इस बारे में पीएचईडी एक्सईएन से बात कर तुरंत प्रभाव से लीकेज पाइप लाइन को दुरुस्त करवाने को कहा गया था।