Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

विजेता टीमों को किया सम्मानित

  • राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल का समापन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जिला मुख्यालय के नजदीकी गांव समन्दनगर (चक ज्वालासिंहवाला) के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में चल रहे राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल का समापन गुरुवार को समारोहपूर्वक हुआ। चार दिन तक हुए आयोजन में खिलाड़ियों ने अलग-अलग खेलों में दमखम दिखाया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि भूपेन्द्र चौधरी थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में गुरमीत सिंह व रविन्द्रसिंह ने शिरकत की। अध्यक्षता ग्राम पंचायत सरपंच रेशम सिंह ने की। अतिथियों की ओर से विजेता खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अथितियों की ओर से खेल ध्वज को सम्मान के साथ उतारा गया। अतिथियों ने अपने संबोधन में राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल के रूप में किए गए नवाचार के लिए मुख्यमंत्री की सराहना करते हुए कहा कि उम्मीद है कि शासन के ऐसे प्रयासों से युवा पीढ़ी नशे से देर होगी। इन खेलों के आयोजन से भाईचारा पैदा होगा। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सीमा भल्ला ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रधानाचार्य महेन्द्रपाल सिंह ने बताया कि खो-खो की टीम में छात्राएं थी। खो-खो में 6531 आईडी की टीम विजयी रही। कबड्डी के पुरुष वर्ग में 373451 आईडी की टीम प्रथम रही। महिला वर्ग में 51231 आईडी की टीम विजयी रही। टेनिस बॉल क्रिकेट में पुरुष वर्ग में 26500 आईडी व महिला वर्ग 274142 आईडी की टीम प्रथम रही। वॉलीबॉल में पुरुष वर्ग में 2273 आईडी की टीम विजेता रही। महिला वर्ग की टीम ने वॉलीबॉल खेल में हिस्सा नहीं लिया। हॉकी का खेल भी संसाधनों के अभाव में नहीं हो सका। व्याख्याता रामलुभाया तिन्ना ने बताया कि विद्यालय में 29 अगस्त से 1 सितम्बर तक राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल का आयोजन किया गया। इस स्कूल में करीब 534 खिलाड़ियों ने सभी छह खेलों खो-खो, कबड्डी, टेनिस बॉल क्रिकेट, वॉलीबॉल, शूटिंग वॉलीबॉल और हॉकी में हिस्सा लिया। पुरुष वर्ग की 31 व महिला वर्ग की 18 टीम सहित कुल 49 टीमें बनाई गई थी। इनमें से चयनित 8 टीमें ब्लॉक स्तर पर 12 सितम्बर से होने वाले खेल में हिस्सा लेंगी। ब्लॉक स्तर पर विजेता टीमें जिला स्तर पर खेलेंगी। इस मौके पर उप प्रधानाचार्य उषा शर्मा, कर्मजीत सिंह, कुलविन्द्र सिंह, देवेन्द्र सिंह, गुरविन्द्र सिंह, सुखजीत सिंह, बलकौर सिंह, बलविन्द्र सिंह, राजवीर सिंह, देवीलाल, हरदम सिंह, बलवंत सिंह, राजकुमार बवेजा, शारीरिक शिक्षक राजपाल गोदारा, शिव स्वामी, सरिता सोबती, संजय सारस्वत, सरोज रानी, सुनीता, शशि लता चौधरी, सुमन शर्मा, रजनी शर्मा, रेखा रानी, शांति बाई, जयप्रकाश गुप्ता, चन्द्रप्रभा आदि मौजूद थे।