नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को भारत के पहले स्वदेश निर्मित विमानवाहक पोत ‘आईएनएस विक्रांत’ का जलावतरण किया। इसे लेकर उन्होंने आज आईएनएस विक्रांत को नौसेना में शामिल किए जाने के समारोह की झलकियों का एक वीडियो शेयर किया। पीएम मोदी ने इस दिन को ऐतिहासिक बताया। पीएम मोदी ने ट्विटर पर लिखा, ‘भारत के लिए एक ऐतिहासिक दिन! जब मैं कल आईएनएस विक्रांत पर सवार था तो उस गर्व की भावना को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है।’
INS विक्रांत को नौसेना के बेड़े में शामिल किए जाने के मौके पर पीएम मोदी ने कहा, ‘विक्रांत विशाल है, विराट है, विहंगम है। विक्रांत विशिष्ट है, विक्रांत विशेष भी है। विक्रांत केवल एक युद्धपोत नहीं है। यह 21वीं सदी के भारत के परिश्रम, प्रतिभा, प्रभाव और प्रतिबद्धता का प्रमाण है। अगर लक्ष्य दुरन्त हैं, यात्राएं दिगंत हैं, समंदर और चुनौतियां अनंत हैं तो भारत का उत्तर है विक्रांत। आजादी के अमृत महोत्सव का अतुलनीय अमृत है विक्रांत। आत्मनिर्भर होते भारत का अद्वितीय प्रतिबिंब है विक्रांत।